क्रिकेट

IND vs SA 4th T20I Match Preview: आज नवाबों की नगरी में सीरीज जीत पर होगी टीम इंडिया नजर, दक्षिण अफ्रीका से मिलेगी कड़ी चुनौती

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर जहां सीरीज जीत पर होगी वहीं द. अफ्रीकी टीम सीरीज में बराबरी करना चाहेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, चौथा टी20 मैच प्रीव्यू

लखनऊ: शुभमन गिल का खराब प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है लेकिन साथ ही खराब फॉर्म से जूझे रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव भी समीक्षा के दायरे में हैं क्योंकि भारत आज यहां चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सही संतुलन तलाश कर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला में विजयी बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगा।

पिछले मैच में वापसी का मौका चूक गए सूर्यकुमार यादव

तीसरे मैच में सूर्यकुमार के पास वह लय हासिल करने का अच्छा मौका था जिसने उन्हें दुनिया का शीर्ष बल्लेबाज बनाया था क्योंकि भारत 118 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा किया कर रहा था लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया और सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। एक समय उनका दबदबा स्थापित करने वाले शॉट अनियमित परिणाम दे रहे हैं और धर्मशाला में मैच भी अलग नहीं था क्योंकि वह अपना चिर-पिरचित पिक-अप शॉट खेलते हुए आउट हुए जो उनके निरंतर संघर्ष को उजागर करता है।

सूर्या नहीं हैं अपने फॉर्म से परेशान

सूर्यकुमार ने हालांकि कहा कि वह खराब फॉर्म से नहीं जूझ रहे। उन्होंने रविवार को धर्मशाला में भारत की जीत के बाद कहा,'मैं नेट में शानदार बल्लेबाजी कर रहा हूं। मैं वह सब कुछ करने की कोशिश कर रहा हूं जो मेरे नियंत्रण में है। जब रन आने होंगे तो वे निश्चित रूप से आएंगे। मैं खराब फॉर्म से नहीं जूझ रहा लेकिन निश्चित तौर पर रन नहीं बना पा रहा।'

आंकड़े कह रहे हैं अलग कहानी

हालांकि आंकड़े एक चिंताजनक कहानी बताते हैं।भारतीय कप्तान एक साल से अधिक समय से लय हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं। मौजूदा सत्र में इस प्रारूप में उनका औसत 15 से कम है। इसके अलावा 2025 में उनके नाम कोई अर्धशतक नहीं है जो उनके करियर में इस तरह का सबसे लंबा चरण है। वह इस दौरान केवल दो बार 20 गेंद से अधिक बल्लेबाजी करने में सफल रहे हैं। टी20 विश्व कप में दो महीने से भी कम समय बचा है और ऐसे में गत चैंपियन टीम चाहेगी कि उनका कप्तान और प्रमुख बल्लेबाज जल्द से जल्द लय फिर से हासिल कर ले।

गिल की प्रदर्शन भी है परेशानी की वजह

उप कप्तान शुभमन गिल का प्रदर्शन भी काफी खराब रहा है। उनके पारी का आगाज करने से भारत का शीर्ष क्रम अस्थिर हो गया है। गिल ने अच्छी तरह से स्थापित संजू सैमसन की जगह ली। केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज को अभिषेक शर्मा के साथ एक प्रभावी साझेदारी बनाने के बावजूद पहले निचले क्रम में धकेल दिया गया और अंततः बाहर कर दिया गया।

गिल ने अन्य प्रारूपों में अपना स्तर दिखाया है लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्हें अब भी उस आश्वस्त बल्लेबाज की झलक नहीं दिखाई है जो वह टेस्ट और एकदिवसीय में हैं। वह रविवार को कम लक्ष्य का पीछा करते हुए भी सिर्फ 28 रन ही बना पाए जिसने विश्व कप से पहले चिंताओं को कम नहीं किया है। विश्व कप से पहले भारत के पास इस प्रारूप में अब सिर्फ सात मैच हैं।

अक्षर और बुमराह नहीं हैं उपलब्ध

अक्षर पटेल के बीमारी के कारण श्रृंखला से बाहर होने के बाद भारत ने शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है जिससे कुलदीप यादव को अधिक मौके मिल सकते हैं। निजी कारणों से पिछला मैच नहीं खेलने के बाद जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उनकी अनुपस्थिति में अर्शदीप सिंह पिछले मुकाबले में मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए जबकि हर्षित राणा ने भी धर्मशाला में उनका अच्छा साथ दिया। भारत फिलहाल पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 से आगे है।

सीरीज में बड़ी तेजी से बदले हैं परिणाम

श्रृंखला में अब तक किस्मत बहुत तेजी से बदली है। पहले मैच में भारत का दबदबा था लेकिन दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने बाजी पूरी तरह से पलट दी। तीसरे मैच में भारत ने फिर एकतरफा जीत दर्ज की और दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला को जीवंत रखने के लिए बुधवार को हर हाल में जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगा।

दक्षिण अफ्रीका ने 28 में से गंवाए हैं 18 मैच

पिछले साल जून में टी20 विश्व कप फाइनल के बाद से दक्षिण अफ्रीका ने सबसे छोटे प्रारूप में 28 में से 18 मैच गंवाए हैं जो प्रदर्शन में निरंतरता की कमी को दर्शाता है। दक्षिण अफ्रीका को व्यवस्थित संयोजन की तलाश है और इसके लिए टीम प्रबंधन लगातार बदलाव कर रहा है जिससे खिलाड़ी लय हासिल नहीं कर पा रहे और टीम को मैच गंवाने पड़े हैं। पिछले सत्र की उपविजेता टीम के पास नौ फरवरी को टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच से पूर्व अंतिम एकादश को अंतिम रूप देने के लिए पांच मैच बचे हैं जिसमें से दो भारत के खिलाफ जबकि तीन घरेलू सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ हैं। यह देखना होगा कि टीम खिलाड़ियों के रोटेशन की नीति पर कायम रहती है या नहीं।

ऐसी है दोनों टीम:

भारतीय क्रिकेट टीम:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, एनटी तिलक वर्मा, शाहबाज अहमद, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर।

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम:

एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, लूथो सिपाम्ला, ओटनील बार्टमैन, एनरिक नोर्किया, लुंगी नगिडी, कोर्बिन बॉश, केशव महाराज और जॉर्ज लिंडे।

समय: मैच शाम सात बजे शुरू होगा

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article