क्रिकेट

IND vs PAK ICC World Cup 2023 Match Schedule: जानिए भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला कब और कहां खेला जाएगा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 27, 2023, 02:04 PM IST

India vs Pakistan (IND vs PAK) ODI World Cup 2023 Match Schedule, Date, Timing: आईसीसी विश्व कप 2023 के कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर भिड़ंत पक्की हो गई। जानिए दोनों टीमों के बीच कब और कहां खेला जाएगा विश्व कप 2023 का महामुकाबला?

Image

आईसीसी विश्व कप 2023 भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला (साभार Mumbai Indians)

Photo : Twitter

India vs Pakistan (IND vs PAK) ODI World Cup 2023 Match Schedule, Date, Time: आईसीसी ने मंगलवार को भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले 13वें वनडे विश्व कप के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया। भारतीय टीम चौथी बार टूर्नामेंट की और पहली बार अकेले मेजबानी कर रही है। टूर्नामेंट के कार्यक्रम का तो क्रिकेट प्रशंसकों को लंबे समय से इंतजार था लेकिन उससे ज्यादा हर कोई भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले महामुकाबले की बाट जोह रहा था। ऐसे में आईसीसी ने एक बार फिर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले का लुत्फ उठाने का मौका दे दिया।

15 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगा महामुकाबला

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम आईसीसी विश्व कप 2023 में पाकिस्तान से 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ेगी। वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। साल 1992 में दोनों टीमों के बीच विश्व कप में पहली बार भिड़ंत हुई थी उसके बाद से भारतीय टीम लगातार चिरप्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ विजयी रही है। पिछले 31 साल से पाकिस्तान वनडे विश्व कप में भारतीय टीम के खिलाफ जीत का मौका तलाश रहा है लेकिन अबतक उसकी झोली खाली रही है।

एशिया कप के मुकाबलों की वजह से नहीं कम होगा रोमांच

विश्व कप के मुकाबले से पहले भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में एक दूसरे से भिड़ चुकी होंगी। ऐसे में दोनों के बीच दो महीने के अंतराल में भिड़ंत होगी। लेकिन भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ वनडे विश्व कप में जीत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के लिए परेशानी और भारतीय प्रशंसकों के लिए उत्साह का विषय बना रहेगा। ऐसे में किसी भी सूरत में विश्व कप में होने वाले महामुकाबले का रोमांच कम नहीं होगा।

पाकिस्तान ने की थी वेन्यू में बदलाव की मांग

भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने तीसरे मुकाबले में चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 15 अक्टूबर को भिड़ेगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से भारत के खिलाफ मुकाबले के वेन्यू में बदलाव की मांग आईसीसी से की थी। मेजबान बीसीसीआई के इस मांग को स्वीकार करने की संभावना बेहद कम थी। भारत के खिलाफ मुकाबले के अलावा पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरू में होने वाले मुकाबले के वेन्यू में बदलाव की भी मांग की थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article