क्रिकेट

IND vs BAN 1st Test Predicted Playing XI: भारत और बांग्‍लादेश इस प्‍लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतर सकते हैं

  • Authored by: अभिषेक निगम
  • Updated Dec 13, 2022, 09:10 PM IST

India vs Bangladesh, IND vs BAN 1st Test Playing 11, Dream11 Team Prediction: भारत और बांग्‍लादेश के बीच दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार से चट्टोग्राम में शुरू होगा। भारत और बांग्‍लादेश की टीमें पहले टेस्‍ट में जानिए किन 11 खिलाड़‍ियों के साथ मैदान पर उतर सकती हैं।

Image

विराट कोहली और राहुल द्रविड़

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत और बांग्‍लादेश के बीच चट्टोग्राम में खेला जाएगा पहला टेस्‍ट
  • बांग्‍लादेश ने भारत के खिलाफ एक भी टेस्‍ट मैच नहीं जीता है
  • भारत और बांग्‍लादेश इस प्‍लेइंग 11 के साथ मैदान संभाल सकते हैं

IND vs BAN 1st Test Playing 11, Dream11 Team Prediction: भारत और बांग्‍लादेश के बीच बुधवार से दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला चट्टोग्राम के जहूद अहमद चौधरी स्‍टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 9 बजे शुरू होगा जबकि टॉस आधे घंटे पहले होगा। भारत और बांग्‍लादेश के बीच इससे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसे मेजबान टीम ने 2-1 से जीती थी। बहरहाल, टेस्‍ट में भारत के सामने बांग्‍लादेश के हाल बहुत बुरे हैं।

भारत और बांग्‍लादेश के बीच अब तक कुल 11 टेस्‍ट खेले गए हैं, जिसमें से 9 टेस्‍ट भारतीय टीम ने जीते जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। बांग्‍लादेश की टीम अब तक भारत के खिलाफ एक टेस्‍ट नहीं जीत सकी है। शाकिब अल हसन के नेतृत्‍व में बांग्‍लादेश की टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान संभालेगी। भारतीय टीम के लिए पहले टेस्‍ट में कमान केएल राहुल संभालेंगे क्‍योंकि नियमित कप्‍तान रोहित शर्मा अंगूठे में चोट के कारण बाहर हैं। इसके अलावा भारतीय टीम अपने प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के बिना मैदान संभालेगी।

विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भी भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला महत्‍वपूर्ण हैं। भारत की प्‍लेइंग 11 की बात करें तो देखना होगा कि रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में कौन ओपन‍िंग करेगा? शुभमन गिल इसके लिए प्रबल उम्‍मीदवार हैं, लेकिन अभिमन्‍यु ईसवरन भी प्रबल दावेदार बनकर उभरे हैं, जिन्‍होंने बांग्‍लादेश ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा जयदेव उनादकट चयन के लिए उपलब्‍ध नहीं हैं, क्‍योंकि वीजा के कारण वो समय पर चट्टोग्राम नहीं पहुंच सके हैं।

वहीं अगर बांग्‍लादेश की बात करें तो तास्किन अहमद की गैरमौजूदगी में इबादत हुसैन, खालिद अहमद और शरीफुल इस्‍लाम तेज गेंदबाज विभाग की जिम्‍मेदारी संभालेंगे जबकि स्पिन की जिम्‍मेदारी मेहदी हसन और शाकिब अल हसन पर होगी। नुरुल हसन विकेटकीपिंग करेंगे और जाकिर हसन ओ‍पनिंग करते हुए नजर आएंगे।

दोनों टीमों की संभावित प्‍लेइंग 11

बांग्‍लादेश की संभावित प्‍लेइंग 11 - महमूदुल हसन जॉय, जाकिर हसन, नजमुल हसन शांतो, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्‍तान), लिटन दास, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, शरीफुल इस्‍लाम, खालिद अहमद और इबादत हुसैन।

भारत की संभावित प्‍लेइंग 11 - केएल राहुल (कप्‍तान), शुभमन गिल, चेतेश्‍वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, उमेश यादव और मोहम्‍मद सिराज।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!