मुंबई: बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने रविवार को दक्षिण अफ्रीक के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू होने जा रही तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली से सजी 15 सदस्यीय टीम को कमान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में अनुभवी केएल राहुल के हाथों में सौंपी गई है। वनडे टीम में रुतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा को शामिल किया गया है। ऋषभ पंत की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। पंत भी कप्तानी के दावेदार थे। रवींद्र जडेजा को भी टीम में शामिल किया गया है। अक्षर पटेल को वनडे टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
जसप्रीत बुमराह को दिया आराम, नीतीश को बतौर ऑलराउंडर मिला मौका
जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है। उनकी टी20 सीरीज के लिए टीम में वापसी होगी। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे। उनका साथ देने के लिए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को भी टीम में जगह दी गई है। हार्दिक पांड्या को वनडे सीरीज के लिए मौका नहीं मिला है वो भी टी20 सीरीज के लिए टीम में वापसी करेंगे। टीम में स्पिन गेंदबाजी के लिए रवींद्र जडेजा के साथ वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को भी जगह दी गई है।
ऐसा है राहुल का वनडे में कप्तानी रिकॉर्ड
केएल राहुल टीम इंडिया की वनडे फॉर्मेट में कप्तानी कर चुके हैं। इसी वजह से वो कप्तानी की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 12 मैच में से 8 में जीत दर्ज की है और 4 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। वनडे कप्तान के रूप में राहुल का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। उन्होंने 12 मैच में 33.55 के औसत और 82.28 के स्ट्राइक रेट से 302 रन चौर अर्धशतक की मदद से बनाए हैं। जनवरी 2022 में केएल राहुल की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम को तीन मैच की सीरीज में 0-3 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
ऐसा है वनडे सीरीज का कार्यक्रम
वनडे श्रृंखला 30 नवंबर को रांची में शुरू होगी। इसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर और 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में दूसरा और तीसरा वनडे खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका पहले ही वनडे सीरीज के लिए टेम्बा बावुमा की कप्तानी में टीम का ऐलान कर चुका है।
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर),वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।
(डेवलपिंग स्टोरी)
