IND vs USA Highlights: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। नासाउ में खेले गए मुकाबले में उसने मेजबान यूएसए को 7 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए टीम इंडिया के सामने 111 रन का लक्ष्य था जिसे उसने सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के दम पर 3 विकेट खोकर 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इससे पहले 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरी ही गेंद पर किंग कोहली का विकेट खो दिया। कोहली गोल्डन डक पर आउट हुए। इससे पहले कि टीम इंडिया संभल पाती, सौरव ने रोहित शर्मा को भी 3 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। 10 रन के स्कोर पर टीम इंडिया दोनों ओपनर को खो चुकी थी।
पंत और सूर्या ने संभाला
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ऋषभ पंत ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े और टीम इंडिया की मैच में वापसी करा दी, लेकिन 20 गेंद पर 18 रन बनाकर पंत भी आउट हो गए। 39 रन के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। उन्हें अली खान ने क्लीन बोल्ड कर दिया। पंत ने अपनी पारी में 1 चौका और 1 छक्का लगाया।
दुबे और सूर्या के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
अब तक बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे शिवम दुबे ने निराश नहीं किया और चौथे विकेट के लिए सूर्या के साथ नाबाद अर्धशतकीय साझेदारी की और टीम इंडिया को 7 विकेट से आसान जीत दिला दी। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 गेंद में नाबाद 67 रन की मैच विनिंग पार्टनरशिप की। सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंद में 50 रन की पारी खेली जबकि शिवम दुबे ने 35 गेंद में 31 रन बनाए।
यूएसए ने बनाए 110 रन
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएसए ने नितीश कुमार के 27 और स्टीवन टेलर 24 रन की पारी के दम पर भारत के सामने 111 रन का लक्ष्य रखा। अर्शदीप सिंह ने भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेस्ट स्पेल डाली। उन्होंने 4 ओवर में केवल 9 रन देकर 4 विकेट चटकाए। टी20 विश्व कप में किसी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम था, जिन्होंने 2014 में मीरपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 रन पर चार विकेट लिये थे। उन्होंने शुरुआती ओवर की पहली गेंद पर शयन जहांगीर (शून्य) को पगबाधा करने के बाद आखिरी गेंद पर ऐंड्रियस गॉस (दो रन) को चलता किया भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।
