क्रिकेट

IND vs BAN: अय्यर और अश्विन ने फेरा बांग्लादेश के जीत के अरमानों पर पानी, सीरीज में किया सूपड़ा साफ

  • Written by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 25, 2022, 10:51 AM IST

India vs Bangladesh 2nd Test: भारत ने बांग्लादेश को मीरपुर में खेले गए रोमांचक टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 3 विकेट से पटखनी देकर 2-0 के अंतर से सीरीज अपने नाम कर ली।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम(साभार AP)

मीरपुर: केएल राहुल की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को मीरपुर में 3 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज पर 2-0 के अंतर से सूपड़ा साफ कर दिया। बांग्लादेश के खिलाफ टीम का टेस्ट में अजेय रहने का सिलसिला जारी रहा। भारत की बांग्लादेश के खिलाफ 13वें टेस्ट में यह 11वीं जीत रही। बांग्लादेश ने पहली बार भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में मात देने का शानदार मौका गंवा दिया। श्रेयस अय्यर 29 (46) और रविचंद्रन अश्विन 42(62) रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने 5 और शाकिब अल हसन ने 2 विकेट अपने नाम किए।

चौथे दिन बनाने थे जीत के लिए 100 रन

टीम इंडिया को दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन जीत के लिए 145 रन का लक्ष्य मिला था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट महज 45 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। अक्षर पटेल 27 और जयदेव उनादकट 3 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे थे। भारतीय टीम को चौथे दिन जीत के लिए 100 रन और बनाने थे। केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल और विराट कोहली सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। उस वक्त स्कोर महज 37 रन था।

चौथे दिन खराब रही भारत की शुरुआत

चौथे दिन जीत के इरादे से मैदान में उतरी भारतीय टीम ने जल्दी ही जयदेव उनादकट का विकेट गंवा दिया। उनादकट 13 रन बनाकर शाकिब की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। 56 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और जीत के लिए अभी भी 89 रन बनाने थे।

पंत नहीं कर पाए कमाल, 74 पर गंवाए 7 विकेट

ऐसे में बल्लेबाजी करने उतरे ऋषभ पंत ने थोड़ी देर अक्षर पटेल के साथ मोर्चा संभाला लेकिन 71 के स्कोर पर पंत मेहदी हसन की की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 9 रन 13 गेंद में बनाए। पंत के पवेलियन लौटने के थोड़ी ही देर बाद शाकिब ने अक्षर पटेल को भी बोल्ड कर दिया। वो 31 रन बना सके। भारत का स्कोर 74/7 हो गया और बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में पहली हार का संकट गहरा गया।

अय्यर-अश्विन की साझेदारी ने बचाई लाज

7 विकेट गंवाने के बाद पिच पर श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए अहम साझेदारी करते हुए पहले तो टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए टीम की जीत की दहलीज पार करा दी। दोनों ने 90 गेंद में आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। दोनों ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 71 रन की साझेदरी की और टीम को जीत दिला दी।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article