चेन्नई: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच खेला जा रहा हो और खिलाड़ियों के बीच अनबन या तनातनी देखने को ना मिले ऐसा मुश्किल होता है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चार टेस्ट मैच बगैर किसी झड़प के खत्म हो गए लेकिन वनडे सीरीज में ऐसा नहीं हुआ। सीरीज के चेन्नई में बुधवार को खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में जेंटलमेंस गेम वाला फितूर एक बार फिर टूट गया। विराट कोहली और कंगारू ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस आपस में भिड़ गए।
भारतीय पारी के 21वें ओवर में हुई भिड़ंत
यह वाकया चेन्नई में खेले जा रहे वनडे की दूसरी पारी के दौरान हुआ। जीत के लिए 270 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बना लिए थे। 21वें ओवर की तीसरी गेंद नॉन स्टाइकर छोर पर खड़े विराट कोहली गेंदबाजी के लिए वापस लौट रहे स्टोइनिस के सामने आए। दोनों के सीने आपस में टकराए। दोनों ही खिलाड़ियों ने हालांकि मुंह से कुछ नहीं कहा लेकिन दोनों की बॉडी लैंग्वेज से पूरी कहानी बयां हो गई।
54 रन बनाकर आउट हुए विराट
जब दोनों खिलाड़ियों की भिड़ंत हुई तब विराट कोहली 29 गेंद में 29 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद विराट ने राहुल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। 185 के स्कोर पर विराट 72 गेंद पर 54 रन का पारी खेलकर एश्टन एगर की गेंद पर डेविड वॉर्नर के हाथों लपके गए।
