नॉर्थम्पटन (इंग्लैंड): इंडिया-ए ने इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ दूसरे अनॉफीशियल टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 21 रन की बढ़त हासिल करने के बाद अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 163 रन बना लिए हैं। ध्रुव जुरेल 6 और नीतीश कुमार रेड्डी 1 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंडिया ए के पास कुल 184 रन की बढ़त हो गई है।
जायसवाल का फिर नहीं चला बल्ला
पहली पारी इंग्लैंड लॉयन्स को 327 रन पर ढेर करने के बाद 21 रन की बढ़त के साथ बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पारी के चौथे ओवर की पहली गेंद पर जायसवाल 5(12) रन बनाकर हिल की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए।
केएल राहुल ने जड़ा अर्धशतक, चला कप्तान ईश्वरन का बल्ला
जायसवाल के आउट होने के बाद पहली पारी में शतक जमाने वाले केएल राहुल और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की और स्कोर को 99 रन तक पहुंचाया। केएल राहुल ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा और 61 गेंद में 9 चौके की मदद से अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन राहुल 51 रन बनाकर एडी जैक की गेंद पर कैच दे बैठे। राहुल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए करुण नायर दूसरी पारी में केवल 15 रन बनाकर वोक्स की गेंज पर कैच दे बैठे। इसी दौरान ईश्वरन ने अपना अर्धशतक 68 गेंद में 7 चौके की मदद से पूरा कर लिया। 137 के स्कोर पर इंडिया-ए को तीसरा झटका लगा। इसके बाद खेल को खराब रोशनी की वजह से रोकना पड़ा।
तीसरे दिन इंडिया-ए ने बनाए 4 विकेट पर 163 रन
रोशनी में सुधार के बाद जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो ईश्वर और जुरेल मोर्चा संभाले रहे। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने तेजी से 80 रन की पारी खेली और कैच दे बैठे। लेकिन दोनों ने टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। 160 के स्कोर पर ईश्वरन पवेलियन लौटे। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए नीतीश रेड्डी ने ध्रुव जुरेल का साथ दिया।
327 पर सिमटी इंग्लैंड लॉयन्स की पारी
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (70 रन पर चार विकेट) के चार विकेट से भारत ए ने रविवार को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन चाय तक इंग्लैंड लॉयन्स को 327 रन पर समेटकर पहली पारी के आधार पर 21 रन की बढ़त बनाई। इंग्लैंड की टीम ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 192 रन से की और सुबह के सत्र में एक समय सिर्फ 10 रन जोड़कर चार विकेट गंवाए। तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (56 रन पर दो विकेट) और तुषार देशपांडे (62 रन पर दो विकेट) ने खलील का अच्छा साथ निभाते हुए दो-दो विकेट चटकाए। भारत ए ने पहली पारी में 348 रन बनाए थे।
खलील अहमद चमके, चटकाए 4 विकेट
सुबह के सत्र में जोर्डन कॉक्स (45) और कप्तान जेम्स रेव (10) ने मेजबान टीम को सतर्क शुरुआत दिलाई। कॉक्स ने शार्दुल ठाकुर पर चौका जड़ा लेकिन खलील ने दिन के पांचवें और पारी के 51वें ओवर में उन्हें विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराके अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। खलील ने 55वें ओवर में कप्तान रेव को करुण नायर के हाथों कैच कराया और फिर अगली गेंद पर यॉर्कर पर जॉर्ज हिल (00) को बोल्ड किया। खलील ने अगले ओवर में क्रिस वोक्स (05) को विकेट के पीछे कैच कराके इंग्लैंड लॉयन्स के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। फरहान अहमद (24) और मैक्स होल्डन (07) ने सतर्क होकर बल्लेबाजी की और विकेटों के पतन पर विराम लगाया। देशपांडे ने इसके बाद गेंदबाजी में वापसी की और होल्डन उनकी तेजी से अंदर आती गेंद को विकेटों पर खेल गए। फरहान और जोश टंग (नाबाद 36) ने हालांकि इसके बाद लंच तक टीम को और झटके नहीं लगने दिए।
टंग ने खेली 61 रन की पारी
लंच के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने फरहान को लोकेश राहुल के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। फरहान ने 87 गेंद का सामना करते हुए दो चौके मारे। टंग और अपना दूसरा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे 19 साल के एडी जैक (16) ने भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया। दोनों ने 10वें विकेट के लिए 48 रन की बहुमूल्य साझेदारी की। कंबोज ने जैक को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। टंग ने 61 गेंद की अपनी नाबाद पारी में तीन चौके मारे।
(भाषा इनपुट के साथ)
