क्रिकेट

Asian Games, IND vs SL Women's T20 Final: फाइनल में श्रीलंका को मात देकर एशियन गेम्स गोल्ड जीतने उतरेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम

IND Women vs SL Women T20 Final, Asian Games 2026: भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार को एशियन गेम्स में महिला टी20 क्रिकेट फाइनल खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मैच को जीतकर एशियाड गोल्ड मेडल अपने नाम करना चाहेगी।

Image

भारत-श्रीलंका एशियन गेम्स महिला टी20 फाइनल (X/BCCI/SLC)

Asian Games, IND-W vs SL-W T20 FINAL Preview: भारत का एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में दबदबा बरकरार रहने की उम्मीद है लेकिन मंगलवार को होने वाले फाइनल में जुझारू श्रीलंका की टीम गत चैंपियन को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीम के एक बार फिर पोडियम के शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है और बेहद खराब प्रदर्शन ही उन्हें स्वर्ण पदक से रोक सकता है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जापान और बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई है। भारत-श्रीलंका फाइनल मैच भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार (22 सितंबर) सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

मंगलवार को स्वर्ण पदक जीतने पर भारत क्षेत्र में अपनी बादशाहत और मजबूत करेगा। भारत ने इस महीने की शुरुआत में एशिया कप के फाइनल में भी श्रीलंका को हराया था।

श्रीलंका अतीत में भारत को हरा चुका है लेकिन हाल के वर्षों में भारत और अन्य एशियाई टीमों के बीच अंतर बढ़ा है। कप्तान चामरी अटापट्टू की 50 गेंद में 82 रन की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।

भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए श्रीलंका को ऐसे ही कुछ बेहतरीन प्रदर्शनों की जरूरत होगी। भारतीय टीम सभी विभागों में शानदार फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज, खासकर शेफाली वर्मा शानदार फॉर्म में हैं जबकि टीम प्रबंधन तीसरे नंबर के बल्लेबाजी क्रम को लेकर लगातार प्रयोग कर रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में जी कमालिनी को तीसरे नंबर पर उतारा गया था जबकि जापान के खिलाफ इसी स्थान पर भारती फुलमाली को आजमाया गया था।

टूर्नामेंट में अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही कमालिनी ने क्वार्टर फाइनल में शेफाली के साथ पारी की शुरुआत की थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर एशिया कप में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थीं और उनके प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि महत्वपूर्ण फाइनल में वह अपनी पुरानी लय हासिल करेंगी। पहले दो मुकाबलों को देखते हुए भारत के लिए ज्यादातर विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं और फाइनल में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें श्री चरणी का अच्छा साथ मिल रहा है। तेज गेंदबाजी विभाग में नंदनी शर्मा ने प्रभावित किया है।

भारतीय टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।

श्रीलंकाई टीम: इमेशा दुलानी, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेवांडी, निमाशा मीपागे, संजना काविंदी और अनुष्का संजीवनी।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article