
IND vs SA 3rd T20I: इंदौर में टीम इंडिया की 'डूबी लुटिया', दक्षिण अफ्रीका ने 49 रन से जीता तीसरा टी20
India vs South Africa 3rd T20I Highlights: भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा टी20 मैच 49 रन से गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को टॉस हारने के बाद इंदौर के होलकर स्टेडियम में 227/3 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में रोहित ब्रिगेड 18.3 ओवर में 178 रन बनाकर ढेर हो गई। दिनेश कार्तिक (21 गेंदों में 46) और दीपक चाहर (17 गेंदों में 31) को छोड़कर कोई और खास कमाल नहीं दिखा पाया। ड्वेन प्रीटोरियस ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा केशव महाराज, लुंगी एनगिडी और वेन पार्नल ने दो-दो विकेट झटके। कगिसो रबाडा ने एक शिकार किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए राइली रोसोवु (48 गेंदों में नाबाद 100) और क्विंटन डिकॉक (43 गेंदों में 68) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। बता दें कि भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने घरेलू सरजमीं पर पहली बार दक्षिण अफ्रीका से टी20 सीरीज जीती है।