क्रिकेट

IND vs ENG: टीम इंडिया की बस में किसने ली है रोहित शर्मा की जगह? कुलदीप ने किया खुलासा

Team India Bus: भारत के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने खुलासा किया है कि अब वह टीम बस में रोहित शर्मा की जगह बैठते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज से ठीक पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।

Image

कुलदीप यादव रोहित शर्मा (फोटो- PTI)

Team India Bus: टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने खुलासा किया है कि वह अब टीम बस में रोहित शर्मा की सीट पर बैठते हैं। भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज (20 जून से शुरू) से ठीक पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। रोहित के विदा होने के बाद शुभमन गिल को भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है।

रोहित के रिटायरमेंट के बाद टीम बस में उनकी सीट भी खाली हो गई थी, जिसे अब कुलदीप यादव ने ले लिया है। स्पिनर ने पूर्व कप्तान की सीट लेने के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि चूंकि उनके लिए सीनियर स्पिनर रविंद्र जडेजा से बातचीत करना ज़रूरी है, जो रोहित की सीट के ठीक बगल में बैठते हैं, इसलिए उन्होंने यह सीट ली है।

"रोहित भाई की जगह नहीं ले सकता..."

इंग्लैंड सीरीज से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलदीप ने कहा कि "उसपे मैं बैठता हूं। मैं रोहित भाई की जगह कभी नहीं ले सकता। यह सिर्फ इतना है कि मैं जड्डू भाई के साथ ज़्यादा समय बिता रहा हूं। मेरे लिए एक स्पिनर के तौर पर यह ज़रूरी है क्योंकि ऐश भाई (रविचंद्रन अश्विन) अब टीम में नहीं हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। जब मैंने क्रिकेट शुरू किया था, तब से इन दोनों (जडेजा और अश्विन) के साथ खेला है। जडेजा को अपना स्पिन पार्टनर पाकर मैं खुशकिस्मत हूं। मैं इसका आनंद ले रहा हूं।"

इंग्लैंड में कुलदीप का रिकॉर्ड

कुलदीप ने इंग्लैंड में अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच (2018 में) खेला है, जहाँ उन्होंने नौ ओवर में कोई विकेट नहीं लिया। विदेशी पिचों पर वह टीम के पहले पसंदीदा स्पिनर नहीं रहे हैं, क्योंकि उन्होंने SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में सिर्फ दो मैच खेले हैं।

हालांकि, रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कुलदीप को प्लेइंग XI में जगह मिलती है। लॉर्ड्स और द ओवल जैसी स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर उनकी सेवाएं टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। टीम मैनेजमेंट के सामने वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव में से एक स्पिनर को चुनने की उलझन होगी।

जहां जडेजा और सुंदर टीम को बल्लेबाजी गहराई प्रदान कर सकते हैं, वहीं कुलदीप इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ विकेट लेने का बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। अब यह देखना होगा कि इस तिकड़ी में से किसे सीरीज के लिए प्लेइंग XI में जगह मिलती है।टीम इंडिया की ओर से पहला टेस्ट मैच 20 जून से शुरू होगा, और कुलदीप यादव की भूमिका इस सीरीज में अहम हो सकती है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article