क्रिकेट

IND vs ENG: हैरी ब्रूक ने टीम इंडिया पर फोड़ा लॉर्ड्स टेस्ट में विवाद का ठीकरा, बोले -'हम तो सही से खेल रहे थे'

Harry Brook Statement: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का चौथा मैच 23 जुलाई 2025 से खेला जाने वाला है। इस मैच से पहले हैरी ब्रूक ने भारतीय टीम को लेकर एक बड़ा बयान दिया है उनके मुताबिक लॉर्ड्स टेस्ट में हार का कारण भारत खुद ही है।

Image

हैरी ब्रूक (फोटो- AP)

Harry Brook Statement: इंग्लैंड के उभरते सितारे और आक्रामक बल्लेबाज हैरी ब्रूक का मानना है कि भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दौरान भारतीय खिलाड़ियों द्वारा की गई टिप्पणी और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश का असर उन पर उल्टा पड़ा है और इससे इंग्लैंड को फायदा मिला है।

तीसरे दिन के खेल में दिखी थी भारतीय खिलाड़ियों की आक्रामकता

लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन का खेल जब समाप्ति की ओर था, उस समय भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ों जैक क्रॉली और बेन डकेट को निशाने पर लिया। क्रॉली द्वारा समय बर्बाद करने की रणनीति अपनाने के बाद बुमराह ने उन्हें व्यंग्यात्मक ढंग से ताली बजाकर जवाब दिया, वहीं गिल ने भी तीखे तेवर दिखाए।

“11 बनाम 2” वाली भावना से इंग्लैंड को मिला फायदा: ब्रूक

हैरी ब्रूक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जब वे मैदान पर क्षेत्ररक्षण कर रहे थे, तो उन्हें ऐसा लगा जैसे यह मुकाबला "11 बनाम 2" हो गया हो। उन्होंने कहा कि- 'मुझे बहुत सारी प्रशंसा मिली है। सभी ने कहा कि यह देखना शानदार था। यह मजेदार था और स्वीकार करता हूं कि इसका हमें फायदा हुआ।'उन्होंने आगे कहा कि जब भारतीय खिलाड़ी आक्रामक रवैया दिखा रहे थे, उस समय इंग्लैंड के खिलाड़ियों को एकजुटता की भावना महसूस हुई जिससे उनके आत्मविश्वास को बल मिला।

खेल भावना की मर्यादा में रहना ज़रूरी: ब्रूक

ब्रूक ने यह भी स्पष्ट किया कि इंग्लैंड की टीम खेल भावना को सर्वोपरि मानती है और ऐसी छींटाकशी को एक सीमा के भीतर ही रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि -'हम खेल भावना के साथ जितना हो सके खेलने की कोशिश करते हैं। डकेट और क्रॉली ने बुमराह के उस ओवर का सामना करने के लिए कठिन मेहनत की थी।'ब्रूक के अनुसार, यह प्रतिस्पर्धा खेल का हिस्सा है लेकिन खिलाड़ी एक-दूसरे के सम्मान का ध्यान रखते हैं।

भारत की हार में मानसिक दबाव बना कारण

हैरी ब्रूक ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का खुद पर डाला गया दबाव ही अंततः उनकी हार का कारण बना। “मुश्किल पिच पर जब आप 193 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं और सामने की टीम मानसिक दबाव डाल रही हो, तो यह आपकी सोच पर असर डालता है। शायद यही वजह रही कि वे 171 रनों पर सिमट गए।”इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज़ में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है।

लॉर्ड्स टेस्ट को बताया सर्वश्रेष्ठ मुकाबला

ब्रूक ने श्रृंखला की प्रतिस्पर्धा की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार के सभी टेस्ट मैच पांचवें दिन तक खिंचे हैं, जो आधुनिक टेस्ट क्रिकेट में कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि “बहुत से लोग मेरे पास आकर कह रहे हैं कि ‘यह एक अद्भुत श्रृंखला रही है, धन्यवाद’। लॉर्ड्स टेस्ट को तो कई लोगों ने अब तक का सबसे बेहतरीन टेस्ट मैच बताया है।”

बाकी मैचों के लिए उत्साहित हैं ब्रूक

ब्रूक ने अंत में कहा कि वह इस रोमांचक श्रृंखला के बाकी बचे मैचों को लेकर काफी उत्साहित हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी इस टक्कर ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को भी रोमांचित किया है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article