क्रिकेट

भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच आज कितने बजे शुरू होगा

आज (1 जुलाई 2026) टीम इंडिया और मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की रोमांचक सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। यहां हम जानेंगे भारत-इंग्लैंड पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक कितने बजे शुरू होगा, कहां होगा और क्या कहते हैं आंकड़े।

Image

भारत बनाम इंग्लैंड पहले टी20 मैच का समय

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज 2026
  • आज इंडिया-इंग्लैंड पहला टी20 मैच खेला जाएगा
  • दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज

आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज में 0-2 से करारी हार झेलने के बाद नए भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की अगुवाई में अब टीम इंडिया उससे भी कठिन अभियान का सामना करने जा रही है। इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम आज (1 जुलाई, मंगलवार) से मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज (IND vs ENG T20I Series 2026) खेलने उतरेगी। आयरलैंड के खिलाफ दोनों ही टी20 मैचों में मिली शिकस्त के बाद भारतीय टीम को अपनी रणनीति पर काम करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में हालात और कठिन होने वाले हैं। इंग्लैंड टी20 टीम की कमान हैरी ब्रूक (Harry Brook) के हाथों में है।

भारत और इंग्लैंड के टी20 में आंकड़े कैसे हैंः मेजबान टीम इंडिया और इंग्लैंड के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेत हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें 18 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 12 मैचों में इंग्लैंड की टीम ने भारत को मात दी है। मौजूदा सीरीज इंग्लैंड की जमीन पर होने जा रही है। इंग्लैंड में भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं, जिनमें मुकाबले कांटे का रहा है। जहां मेजबान टीम ने अपनी जमीन पर भारत को 5 मैचों में हराया है। वहीं, टीम इंडिया ने इंग्लैंड को उसी की जमीन पर 4 मैचों में मात दी है।

इंडिया और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक कब और कहां खेला जाएगा? (When And Where IND vs ENG 1st T20I Match Will Be Played)

आज का मैच कहां होगा मुकाबला मैच का समय
भारत-इंग्लैंड पहला टी20 मैचचेस्टर-ली-स्ट्रीट (रिवरसाइड ग्राउंड)भारतीय समय के मुताबिक रात 10:00 बजे

इंग्लैंड और भारत की टी20 टीमें (Full T20 Squads Of England And India)

इंग्लैंड टी20 टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन और जैकब बेथेल।

टीम इंडिया: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन और अक्षर पटेल।

आज के मैच में किन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें? (5 Players To Watch Out For In IND vs ENG 1st T20 Match Today)

भारत और इंग्लैंड के बीच आज होने वाले सीरीज के पहले टी20 मैच में सभी की नजरें कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर टिकी होंगी। सबसे पहला नाम है वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का, जिनको आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में मौका नहीं दिया गया लेकिन इंग्लैंड में उनके डेब्यू होने की पूरी संभावनाएं हैं। उनके अलावा, भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा (Tilak Varma) से काफी उम्मीदें होंगी जो इस समय लय में हैं। तीसरे खिलाड़ी हैं तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (Prince Yadav) जो आईपीएल से लेकर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू तक, लगातार खुद को साबित करते आ रहे हैं। वहीं, इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक के अलावा अनुभवी जोस बटलर (Jos Buttler) से स्थानीय फैंस को काफी उम्मीदें होंगी। जबकि, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) पर भी नजरें टिकी रहेंगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article