क्रिकेट

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मैक्सवेल ने भारत के इस युवा बल्लेबाज को लेकर कर दी भविष्यवाणी, कहा- 40 से ज्यादा टेस्ट शतक लगाएगा

IND vs AUS, Glenn Maxwell Prediction: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज जारी है। सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराकर 1-0 से बढ़त हासिल की। मेजबान टीम के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि यह सलामी बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में 40 से अधिक शतक लगाएगा।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Twitter)

Photo : Twitter

IND vs AUS, Glenn Maxwell Prediction: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का मानना है कि यशस्वी जायसवाल की विभिन्न परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने की क्षमता और कोई खास कमजोरी नहीं होने के कारण यह सलामी बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में 40 से अधिक शतक लगाएगा और उनके नाम पर कई रिकॉर्ड दर्ज होंगे। भारतीय क्रिकेट की प्रतिभाशाली युवा प्रतिभाओं में से एक 22 वर्षीय सलामी बल्लेबाज जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की। उन्होंने इस साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके टीम में अपनी जगह पक्की की।

मैक्सवेल ने द ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट पर कहा, ‘वह (जायसवाल) ऐसा खिलाड़ी है जो संभवत: 40 से अधिक टेस्ट शतक लगाएगा और कुछ अलग रिकॉर्ड बनाएगा। उसके पास विभिन्न परिस्थितियों से सामंजस्य से बिठाने की अद्भुत क्षमता है।’ जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 161 रन बनाए थे जिससे भारत ने यह मैच 295 रन से जीत कर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई। जायसवाल ने अभी तक 15 टेस्ट मैच में 58.07 की शानदार औसत से 1568 रन बनाए हैं जिसमें चार शतक शामिल हैं। पर्थ में पहली पारी में वह खाता नहीं खोल पाए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार वापसी की जिससे उनके बल्लेबाजी कौशल का पता चलता है।

मैक्सवेल ने कहा,‘‘उसने कई तरह के शॉट खेले लेकिन बीच में उसने जिस तरह से गेंदें छोड़ी और जिस तरह से वह बैक फुट पर जाकर खेला वह महत्वपूर्ण था। उसका फुटवर्क बहुत अच्छा है। ऐसा नहीं लगता है कि उसमें कोई खास कमजोरी है। वह शॉर्ट पिच गेंद को अच्छी तरह से खेलता है, अच्छी ड्राइव करता है, स्पिन को अविश्वसनीय रूप से अच्छी तरह से खेलता है और दबाव झेल सकता है।’ उन्होंने कहा,‘‘ऑस्ट्रेलिया अगर उसे रोकने का कोई तरीका नहीं ढूंढ पाया तो फिर स्थिति भयावह होगी।’

मैक्सवेल ने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभालने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की जिन्होंने पहले टेस्ट मैच में 72 रन देकर आठ लिए विकेट लिए और भारत को ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ी जीत हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा,‘भारत के पास बुमराह और जायसवाल के रूप में दो अद्भुत प्रतिभाएं हैं। मैंने पहले भी कहा था कि बुमराह संभावित रूप से सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज के रूप में जाने जाएंगे।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article