इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन के खेल के बाद अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 156 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से ये सभी 4 विकेट रवींद्र जडेजा ने झटके हैं।पीटर हैंड्सकॉम्ब 7 और पहली बार इस सीरीज में खेल रहे कैमरॉन ग्रीन 6 रन बनाकर नाबाद हैं। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने भारत की पहली पारी के आधार पर 47 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
उस्मान ख्वाजा ने जड़ा अर्धशतक
भारत की पहली पारी 109 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने उस्मान ख्वाजा के 60 और लाबुशेन के 31 रन की पारी के दम पर 47 रन की बढ़त हासिल कर ली। हेड का विकेट जल्दी गंवाने के बाद ख्वाजा और लाबुशेन ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। रवींद्र जडेजा ने लाबुशेन को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। उन्होंने उसके बाद ख्वाजा और स्टीव स्मिथ को भी पवेलियन भेजा।
109 रन पर सिमटा भारत
इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन जल्द ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने उनका यह फैसला गलत साबित कर दिया। नतीजा केवल 50 रन के स्कोर पर टीम इंडिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। विराट कोहली एक छोर पर डंटे रहे, लेकिन 22 के स्कोर पर मर्फी ने उन्हें आउट कर टीम इंडिया की बड़े स्कोर की उम्मीद को तोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मैथ्यू कुह्नमेन ने 5 और नाथन लॉयन ने 3 विकेट झटके।
अक्षर और उमेश ने पहुंचाया 100 के पार
88 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम पर 100 रन के भीतर आउट होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन अक्षर पटेल और उमेश यादव ने तेजी से 9वें विकेट के लिए 20 रन जोड़कर भारत के स्कोर को 100 तक पहुंचा दिया। अक्षर ने 12 और उमेश ने 17 रन की पारी खेली।
