क्रिकेट

IND U-19 vs NEP U-19: भारत ने नेपाल को रौंदा, अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह

IND U-19 vs NEP U-19 Highlights: भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। टीम ने सुपर 6 के आखिरी मैच में नेपाल को बुरी तरह से मात दी।

Image

भारतीय अंडर-19 टीम (फोटो- BCCI)

IND U-19 vs NEP U-19 Highlights: द.अफ्रीका में खेले जा रहे अंडर-19 में सुपर सिक्स स्टेज के अपने आखिरी मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को रनों से मात दे दी है। इसी के साथ उन्होंने इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत सुपर-4 स्टेज में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। भारतीय टीम इसी लय को बरकरार रखकर एक और खिताब जीतना चाहेगी।

नेपाल के खिलाफ खेले गए सुपर-6 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 297 रन बनाये। इसमें खास योगदान कप्तान उदय सहारन और सचिन धास की शतकीय पारियों का रहा। वहीं इसका पीछा करने उतरी नेपाल की टीम केवल 9 विकेट 165 रन बना सकी। भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज सौम्य पांडे रहे जिन्होंने 4 विकेट झटके।

उदय सहारन ने खेली शानदार पारी

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को आदर्श सिंह ने 18 गेंद में 21 रन की पारी के साथ आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन वह गुलशन झा की शॉट गेंद पर विकेटकीपर उत्तम मागर को कैच थमा बैठे।टीम को 14वें ओवर में तीन गेंद के अंदर दो झटके लगे। अर्शीन कुलकर्णी (18) आकाश चंद का शिकार बने जबकि प्रियांशु मोलिया (19) रन आउट हुए।सहारन ने इसके बाद एक छोर से संभल कर बल्लेबाजी की जबकि बल्लेबाजी क्रम में पदोन्नत किये गये धास ने अपना आक्रामक तेवर जारी रखा। धास इससे पहले छठे या सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते थे। इन दोनों की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने नेपाल को 298 रनों का विशाल स्कोर दिया।

नेपाल के बल्लेबाज नहीं कर सके कमाल

इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने 20 ओवर तक केवल एक ही विकेट गंवाया था हालांकि वे रनों के लिए जूझ रहे थे। ऐसे में उनके बल्लेबाजों ने रिस्क ली और लगातार विकेट गंवाते गए। टीम ने 21 से लेकर 28 ओवर के बीच ही 6 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिया और मैच में पकड़ खो दी। इसके बाद कप्तान देव खनल ने पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन वे अकेले पड़ गए और टीम को हार का सामना करना पड़ा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article