क्रिकेट

IND vs SA: हार के बाद भुवनेश्वर कुमार ने कहा, अगर ऐसा होता तो अलग होता परिणाम

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 11:17 PM IST

भुवनेश्वर कुमार ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट से टीम इंडिया की हार के बाद कहा है कि अगर हम मैदान पर मौके नहीं गंवाते तो मैच का परिणाम कुछ और होता।

Image

भुवनेश्वर कुमार( साभार ICC)

पर्थ: टीम इंडिया को रविवार को पर्थ में खेले गए लो स्कोरिंग मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। खराब फील्डिंग टीम इंडिया को भारी पड़ गई। एडेन मार्करम का कैच पहले तो विराट ने छोड़ा इसके बाद रोहित शर्मा ने डेविड मिलर को रन आउट करने का आसान सा मौका गंवा दिया। ऐसें में दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 60 गेंद में 76 रन की साझेदारी करके मैच में दक्षिण अफ्रीका की वापसी करा दी।

विराट ने छोड़ा मार्करम का कैच

मैच के बाद प्रेस से मुखातिब होते हुए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि यदि एडेन मार्कराम का कैच नहीं छूटा होता और रन आउट के दो मौके नहीं गंवाए होते तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ परिणाम कुछ और होता। विराट ने जब मार्कराम का कैच छोड़ा तब वो 35 रन बनाकर खेल रहे थे। इस जीवनदान का मार्करम ने पूरा फायदा उठाया और 52 रन की धमाकेदार पारी खेलकर और दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका अदा की।

रोहित ने छोड़ा मिलर का रन आउट का मौका

इसके बाद रोहित शर्मा ने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मिलर को रनआउट करने का शानदार मौका गंवा दिया था। उस वक्त मिलर 15 रन बनाकर खेल रहे थे। कवर में फील्डिंग कर रहे रोहित ने स्टंप्स को मारने में जल्दी कर दी और उनका निशाना चूक गया। यह मिलर का आउट करने का सबसे बेहतरीन मौका था। उस वक्त दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 67 रन था। ऐसे में अगर मिलर आउट हो जाते तो मैच का रुख पलट जाता, क्योंकि मिलर ने 46 गेंद में 59 रन की नाबाद पारी खेलकर मैच को दक्षिण अफ्रीका की झोली में डाल दिया।

अगर नहीं गंवाते मौके तो अलग होता परिणाम

ऐसे में भुवी ने कहा, 'अगर हमने कैच नहीं छोड़े होते तो परिणाम भिन्न होता। कैच लेने से ही मैच जीते जाते हैं और यदि हमने उन मौकों को भुनाया होता तो उससे अंतर पैदा हो सकता था। मैं ऐसा नहीं कहूंगा कि इससे पासा पलट जाता लेकिन यह अंतर पैदा कर सकता था। लेकिन मैं किसी विशेष क्षण को इस तरह इंगित नहीं करूंगा।'

बांग्लादेश से होगी अगली भिड़ंत

भारतीय टीम के तीन मैच में 2 जीत के साथ कुल चार अंक हैं और वो अंक तालिका में दूसरे पायदान पर काबिज हो गई है। टीम इंडिया का अगला मुकाबला बांग्लादेश के साथ 2 नवंबर को होना है। इस मैच में जीत भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को और पुख्ता कर देगी।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article