क्रिकेट

ICC WTC Final: हरभजन बोले- भारत ने नहीं दिखाई दिलेरी, खिताब जीतने के लिए खेलना होगा बेखौफ क्रिकेट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 9, 2023, 01:53 PM IST

पिछले दस साल में एक भी आईसीसी खिताब नहीं जीत सकी भारतीय टीम की स्थिति ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में खराब है।

Image

हरभजन ने दी बेखौफ खेलने की सलाह (file photo)

Photo : PTI

ICC WTC Final: भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि मौजूदा टीम ने वह निर्भीकता नहीं दिखाई जो आईसीसी खिताब जीतने के लिए चाहिए होती है और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में चार तेज गेंदबाजों को लेकर उतरने का फैसला सही नही था। पिछले दस साल में एक भी आईसीसी खिताब नहीं जीत सकी भारतीय टीम की स्थिति ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में खराब है।

नतीजे की परवाह किए बिना खुलकर खेलना होगा

कमेंटेटर की भूमिका में ओवल पहुंचे हरभजन ने भारतीय खिलाड़ियों को नतीजे की चिंता किए बिना खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कौशल में कोई कमी नहीं है। जितने बड़े मैच खेलेंगे, उतना ही बेहतर होगा। मुझे लगता है कि ऐसे मैचों में खुलकर खेलने की जरूरत है। हम अधिक रक्षात्मक हो रहे हैं। हमें नतीजे की परवाह किए बिना खुलकर खेलना होगा।

बेखौफ खेलने की सलाह

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों पर जिम्मेदारी डाल दें और वह जरूर अपना काम पूरा करेंगे। उन पर दबाव डाला जाए कि अच्छा नहीं खेलने पर कुछ बाहर हो जाएंगे और कुछ नहीं। हरभजन ने कहा कि उन्हें आत्मविश्वास देने की जरूरत है कि भले ही अच्छा नहीं खेल सको लेकिन अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करो। इसी तरह से कप जीते जाते हैं । बेखौफ खेलो।

अश्विन को किया बाहर

दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को बाहर रहना पड़ा क्योंकि भारत चार तेज गेंदबाजों और एक स्पिनर को लेकर उतरा है। हरभजन ने कहा कि मैच पांच दिन का है तो पांच दिन के हालात देखकर गेंदबाजों को चुनना होता है। अश्विन बेहतरीन गेंदबाज हैं और चार तेज गेंदबाजों की जरूरत नहीं थी। चौथा और पांचवां दिन भी पहले दिन की तरह महत्वपूर्ण होता है और यह अहम है कि उन दिनों में आप कैसे खेलते हैं।

उन्होंने कहा कि शायद प्रबंधन ने इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा और चार तेज गेंदबाजों को उतारा। अगर मोहम्मद सिराज या मोहम्मद शमी जैसा कोई बाहर बैठ रहा होता तब भी चार तेज गेंदबाजों को उतारना समझ में आता। अश्विन को उतारना और चार तेज गेंदबाजों की बजाय दो स्पिनरों को लेकर खेलना सही होता।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article