क्रिकेट

WTC Final: चोट बनी टीम इंडिया की चिंता का सबब, 4 खिलाड़ी हुए बाहर, पांचवें पर लटकी है तलवार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 5, 2023, 09:16 PM IST

भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट 7 से 11 जून के बीच लंदन के ओवल मैदान पर खेले जाने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से पहले चोटिल खिलाड़ियों ने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है।

Image

केएल राहुल और जयदेव उनादकट (साभार IPL/BCCI)

मुंबई: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 से 11 जून के बीच लंदन के ओवल मैदान पर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। 7 से 11 जून के बीच खेले जाने वाले इस खिताबी मुकाबले से पहले पिछले बार की उपविजेता टीम इंडिया चोटों के जाल में फंसती जा रही है। शुक्रवार को आईपीएल के दौरान चोटिल होने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर होने का आधिकारिक तौर पर ऐलान हो गया।

राहुल बने डब्लूटीसी फाइनल से बाहर होने वाले चौथे भारतीय

केएल राहुल के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम का लगातार दूसरी बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनने का सपना टूटता नजर आ रहा है। टीम के चार धाकड़ खिलाड़ी पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर हो चुके हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से बाहर होने वाले धाकड़ भारतीय खिलाड़ियों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल का नाम शामिल है। चारों खिलाड़ियों की सर्जरी हुई है या होनी है। वहीं खिताबी भिड़ंत के लिए टीम में शामिल किए गए सौराष्ट्र के कप्तान और तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की चोट भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

उनादकट के ऊपर भी लटक रही है तलवार

जयदेव उनादकट आईपीएल 2023 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। उनादकट के बांए हाथ के कंधे में चोट लगी है। अभ्यास के दौरान उनका कंधा चोटिल हो गया था। अभ्यास के दौरान उनका बांया पैर रस्सी में फंस गया था और वो बांए कंधे के बल पर गिर गए। इसके बाद उन्हें कंधे पर आइस पैक लगाए देखा गया था।

रीहैब के लिए एनसीए जाएंगे उनादकट

इसके बाद उनादकट को स्कैन के लिए मुंबई भेज दिया गया था। जहां उन्होंने बीसीसीआई द्वारा नियुक्त किए गए एक स्पेशलिस्ट से मुलाकाता की। बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ और लखनऊ सुपर जायंट्स ने आपसी सहमति से उनादकट को आईपीएल से बाहर जाने का निर्देश दिया। माना जा रहा है कि वो नेशनल क्रिकेट अकादमी बेंगलुरू रीहैब के लिए जाएंगे और इंग्लैंड रवाना होने से पहले फिट हो जाएंगे। लेकिन इस बारे में अबतक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।

भारतीय टीम में अनुभवी अजिंक्य रहाणे की वापसी हो चुकी है। केएल राहुल की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया जा सकता है। सूर्यकुमार यादव को भी मौका दिए जाने की अटकलें लग रही हैं। ऐसे में कौन से खिलाड़ी इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से लोहा लेने जाएंगे ये देखने की बात होगी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा(कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत(विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article