क्रिकेट

ICC WTC Points Table: मीरपुर में बांग्लादेश को पटखनी देकर टीम इंडिया ने मजबूत की फाइनल की दावेदारी

  • Written by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 25, 2022, 11:52 AM IST

बांग्लादेश को दो मैच की टेस्ट सीरीज में 2-0 से पटखनी देकर भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को और प्रबल कर लिया है।

Image

मीरपुर टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ जीत का जश्न मनाते रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर(साभार AP)

मीरपुर: टीम इंडिया ने बांग्लादेश को मीरपुर में खेले गए सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में 3 विकेट से पटखनी देकर सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली। जीत के लिए 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 74 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे और पहली बार बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में हार का खतरा मंडराने लगा था। ऐसे में श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए नाबाद 71 रन की साझेदारी करके टीम को जीत की दहलीज पार करा दी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दावेदारी हुई प्रबल

मीरपुर टेस्ट में जीत के बाद लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की टीम इंडिया की संभावनाएं और प्रबल हो गई हैं। भारतीय टीम के खाते में 5 सीरीज में खेले 14 टेस्ट मैच में 8 जीत, 4 हार और 2 ड्रॉ के साथ कुल 99 अंक हो गए हैं। टीम इंडिया को पांच डिमेरिट अंक भी मिले हैं। टीम इंडिया का जीत प्रतिशत 55.77 से बढ़कर 58.93 हो गया है। टीम इंडिया की स्थिति ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे पायदान पर और मजबूत हो गई है। ऑस्ट्रेलिया 76.92 जीत प्रतिशत के साथ पहले पायदान पर काबिज है।
Points-Table

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल(साभार ICC)

दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका से मिल रही है चुनौती

भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें चुनौती देती दिख रही हैं। दक्षिण अफ्रीका 54.55 जीत प्रतिशत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है। वहीं श्रीलंका 53.33 जीत प्रतिशत के साथ चौथे पायदान पर है। दक्षिण अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन ही उसे फाइनल की दौड़ में बनाए रखेगा। एडिलेड टेस्ट हार के बाद उसे दूसरा स्थान गंवाना पड़ा था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीत दिलाएगी टीम इंडिया को टिकट

ऑस्ट्रेलिया और भारत की टीम अपनी आखिरी सीरीज में एक दूसरे से भिड़ेंगी। 4 टेस्ट की सीरीज में भारतीय टीम अपने नाम करके फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। ऑस्ट्रेलिया पर भारत के खिलाफ सीरीज गंवाने पर फाइनल की संभावना पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article