जय शाह (साभार-ICC)
Indian of the Year 2025: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह को सीएनएन-न्यूज18 के इंडियन ऑफ द ईयर पुरस्कार समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट में योगदान के लिए उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शाह ने शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अपना पुरस्कार भारतीय महिला क्रिकेट और हाल ही में आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम को समर्पित किया। शाह ने कहा, ‘‘हरमन (हरमनप्रीत कौर) यहां हैं। झूलन (गोस्वामी) दी और मिताली (राज) भी यहां हैं और मैं यह पुरस्कार आप सभी को समर्पित करना चाहता हूं।’’
शाह आईसीसी अध्यक्ष बनने से पहले दिसंबर 2024 तक भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव भी रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुरुष और महिला क्रिकेटरों के बीच समान वेतन लागू करने और महिला प्रीमियर लीग (WPL) शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। उनके द्वारा लिए गए फैसलों में घरेलू क्रिकेट पर फोकस करना, एनसीए का विस्तार करना अहम रहे। हालांकि, उन्होंने समान वेतन और विमेंस प्रीमियर लीग शुरू करने के अपने फैसले को दिल के करीब बताया।
इसके अलावा उन्होंने फैंस की रिकॉर्ड संख्या में भागीदारी बढ़ाने और खेल के व्यावसायिक दृष्टिकोण को आधुनिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उनके फैसलों ने क्रिकेट को नए दर्शकों, नए बाज़ारों और बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुकूल ढलने में मदद की है। इसका सीधा फायदा भारतीय महिला क्रिकेट को हुआ। वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में दर्शकों की संख्या ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जिस तरह 1983 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट में बदलाव आया था, यह बदलाव भी महिला क्रिकेट के भविष्य को एक नई उड़ान देगा।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।