क्रिकेट की दुनिया में जल्द ही बहुत कुछ बदलने वाला है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) प्लेइंग कंडीशन्स में बड़े बदलवा करने की तैयारी में है। फिलहाल तो इसके प्रस्ताव ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। सबसे चौंकाने वाला प्रस्ताव टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा है। अगर आईसीसी इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो टेस्ट के एक ही मैच में गुलाबी और लाल गेंद दोनों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी टेस्ट में बदलाव के अलावा तीन अन्य प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली आईसीसी बोर्ड मीटिंग में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। अगर सब कुछ तय रहा तो नए नियम 1 अक्तूबर 2026 से लागू किए जा सकते हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) लाल गेंद, सफेद गेंद और गुलाबी गेंद क्रिकेट के खेल नियमों में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रही है।
ड्रिंक्स ब्रेक में कोच जा सकते हैं मैदान पर
प्रस्तावित बदलावों में से एक यह है कि हेड कोच को ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। यह संशोधन मुख्य रूप से वनडे क्रिकेट के लिए है। अभी केवल सब्सिट्यूट खिलाड़ियों को ही मैदान में प्रवेश करने की अनुमति है। खेल नियमों में मौजूदा प्रावधान के अनुसार, मैदान में ड्रिंक्स ले जाने वाले किसी भी खिलाड़ी को उचित क्रिकेट पोशाक पहननी होगी। आगे चलकर, मुख्य कोच को भी ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्य कोच को भी टीम की जर्सी पहनना अनिवार्य होगा या नहीं।
टी20 ब्रेक में हो सकता है बदलाव
दूसरे प्रस्ताव में आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पारी के ब्रेक का समय घटाकर 15 मिनट करने की योजना बना रही है। मौजूदा नियमों के अनुसार, प्रत्येक पारी के बीच 20 मिनट का अंतराल होता है। इसका मतलब है कि टीमों को आराम करने, रणनीति बनाने और दूसरी पारी के लिए योजना बनाने के लिए प्रभावी रूप से पांच मिनट कम मिलेंगे।
संदिग्ध एक्शन की जांच करेंगे मैदानी अंपायार
एक और प्रस्तावित बदलाव यह है कि मैदान पर मौजूद अंपायरों को मैचों के दौरान गेंदबाजों की अवैध एक्शन की जांच के लिए हॉकआई डेटा तक पहुंच प्रदान की जाए। यह प्रक्रिया किस तरह से आगे बढ़ेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन आईसीसी संदिग्ध एक्शन वाले गेंदबाजों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए दृढ़ संकल्पित दिख रही है।
टेस्ट मैच में पर भी पड़ेगा असर
सबसे बड़े बदलाव के प्रस्ताव में टेस्ट मैच के दौरान लाल गेंद के स्थान पर गुलाबी गेंद का उपयोग किया गया जा सकता है। ऐसा तब हो सकेगा जब खराब मौसम या रोशनी की कमी होगी तो लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद का यूज किया जा सकता है। इसके लिए दोनों टीमों की सहमति होनी चाहिए। इसका उद्देश्य मैच को बिना किसी समस्या के खेला जा सके।
1 अक्टूबर को लागू हो सकता है नियम
क्रिकबज को मिली जानकारी के अनुसार, ये नियम 1 अक्टूबर से लागू होंगे। इन प्रस्तावित बदलावों पर गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित आईसीसी मुख्य कार्यकारी समिति (सीईसी) की बैठक में चर्चा हुई, जिसमें आईसीसी क्रिकेट समिति के प्रमुख सौरव गांगुली भी उपस्थित थे।
