क्रिकेट

टिम साउदी हुए जसप्रीत बुमराह के मुरीद, कहा- कोई नहीं है उनसे बेहतर, चोट से वापसी के बाद...

न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टिम साउदी ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए कहा है कि मौजूदा दौर में उनसे बेहतर गेंदबाज और कोई नहीं है।

Image

जसप्रीत बुमराह(साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • टिम साउदी ने की है बुमराह की जमकर तारीफ
  • उनसे बेहतर नहीं है मौजूदा दौर में कोई गेंदबाज
  • चोट से उबरकर हो गए हैं और भी खतरनाक

मुंबई: न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउथी का मानना है कि भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट से वापसी के बाद से और भी अधिक खतरनाक हो गए हैं। इस चोट के कारण बुमराह पिछले साल अधिकांश समय मैदान से बाहर रहे थे। बुमराह ने सितंबर 2022 में बाहर होने के बाद अगस्त 2023 में वापसी की और तब से भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग ने ‘पिछले पांच-छह वर्षों में सभी प्रारूपों में खेलने वाला सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ बताया था।

चोट से उबरने के बाद हो गए हैं और भी खतरनाक

साउथी ने बुधवार को ‘सिएट क्रिकेट रेटिंग अवार्ड’ के मौके पर कहा,'सबसे पहले तो बड़ी चोट से उबरकर वापसी करना और वह तो पहले से भी बेहतर हो गया है। इसके अलावा कई प्रारूपों में खेलना भी कई बार मुश्किल हो सकता है। ऐसा लगता है कि वह इसे आसानी से करने में सक्षम है। वह शायद अधिक अनुभवी है, अपने खेल को थोड़ा और समझता है। शायद उसने चोट के बाद तरोताजा होकर वापसी की।'

मौजूदा दौर में नहीं है कोई उनसे बेहतर

साउथी ने कहा,'हम तीनों प्रारूपों में बुमराह का शानदार प्रदर्शन देख रहे हैं। वह इस समय तीनों प्रारूपों में शानदार है। मुझे नहीं लगता कि उनसे बेहतर कोई और है, वह तीनों प्रारूपों में जबरदस्त हैं।'

थोड़ा आराम चाहते हैं साउदी

साउथी ने न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड के साथ उपमहाद्वीप में कुछ टेस्ट मैचों में नहीं खेलने की संभावना पर चर्चा की। न्यूजीलैंड की टीम को दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए श्रीलंका जाने से पहले नोएडा में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलना है। साउथी की टीम इसके बाद अक्टूबर में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारत लौटेगी जिसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ स्वदेश में तीन टेस्ट खेलेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article