क्रिकेट

VIDEO: दिल्ली के खिलाफ मुंबई की जीत के पीछे थे बाहर बैठे रोहित शर्मा, देखिए कैसे हिटमैन ने सब पलट दिया

Rohit Sharma Advise Help MI beat DC Watch Video: मुंबई और दिल्ली के बीच हुए आईपीएल 2025 के मैच में कैसे बाहर बैठे रोहित शर्मा ने अपनी सूझबूझ से ऐसे आदेश मैदान के अंदर पहुंचाए जिसने लड़खड़ाती दिख रही मुंबई इंडियंस को जीत की पटरी पर लाया और अंत में उन्हें जीत मिली। इसका वीडियो वायरल है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

अपना पहला मैच खेल रहे करूण नायर के 40 गेंद में 89 रन के बाद मध्यक्रम के चरमराने और आखिर में रन आउट की हैट्रिक के कारण दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल के मौजूदा सत्र में जीत का सिलसिला अपने ही गढ में टूट गया जब मुंबई इंडियंस ने उसे रविवार को 12 रन से मात दी।

पहले चारों मैच जीतकर इस सत्र में पहली बार अपने मैदान अरूण जेटली स्टेडियम पर खेल रही दिल्ली कैपिटल्स ने 206 रन के लक्ष्य के जवाब में एक समय 11वें ओवर में एक विकेट पर 119 रन बना लिये थे लेकिन आखिरी नौ विकेट 53 गेंद और 74 रन के भीतर गंवा दिये । दिल्ली की टीम 19 ओवर में 193 रन पर आउट हो गई। इस मैच में एक समय पर मुंबई इंडियंस की टीम गेंदबाजी के दौरान मुश्किल में लग रही थी लेकिन वो बाहर बैठे पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ही थे जिनके दिमाग में चल रही रणनीति को मैदान पर संदेश के रूप में पहुंचाया गया। उस पर अमल भी हुआ और मुंबई को अंत में जीत मिली।

दरअसल, जब 13वें ओवर में गेंद में बदलाव किया गया तब कर्ण शर्मा के लिए सब्स्टिट्यूट हो चुके रोहित शर्मा बाहर डगआउट में बैठे थे। मुंबई बार-बार तेज गेंदबाजों का इस्तेमाल कर रही थी जो उनके काम नहीं आ रहा था। तभी रोहित ने हार्दिक को इशारा किया कि स्पिनर को वापस आक्रमण में लाया जाए क्योंकि गेंद अभी सूख चुकी थी। रोहित का ये पैंतरा का कर गया। इस दौरान कोच महेला जयवर्धने, बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे रोहित के साथ चर्चा में व्यस्त थे और तब ये निर्णय निकला कि रोहित का फॉर्मूला ही सही है। ये सब कुछ टीवी ब्रॉडकास्टर ने भी दिखाया और बाद में पारस म्हाम्ब्रे भी कर्ण शर्मा के तीन विकेट लेने के बाद रोहित शर्मा को बधाई देते नजर आए।

मुंबई इंडियंस के इंपैक्ट खिलाड़ी कर्ण शर्मा ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिये । उन्होंने अभिषेक पोरेल (25 गेंद में 33) , ट्रिस्टन स्टब्स (एक) और फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (13 गेंद में 15) के कीमती विकेट लिये ।

आखिर में विपराज निगम (आठ गेंद में 14) और आशुतोष शर्मा (14 गेंद में 17) ने किला लड़ाने की कोशिश की लेकिन मुंबई ने आखिरी ओवरों में जबर्दस्त फील्डिंग का प्रदर्शन करके तीन बल्लेबाजों को रन आउट किया ।

आशुतोष 19वें ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह को दो रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए । अगली गेंद पर कुलदीप यादव और आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा भी रन आउट हो गए ।

इससे पहले तिलक वर्मा के 33 गेंद में 59 और रियान रिकेलटन के 25 गेंद में 41 रन की मदद से मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 205 रन बनाये। इस हार के बाद दिल्ली अब पांच मैचों में आठ अंक लेकर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि सत्र में छह मैचों में दूसरी जीत के बाद मुंबई इंडियंस सातवें स्थान पर आ गई है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article