क्रिकेट

एशिया कप के लिए पहली बार शामिल गेंदबाज ने बताया बुमराह के टीम में होने का फायदा

एशिया कप 2025 के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में हर्षित राणा को पहली बार शामिल किया गया है। राणा ने इससे पहले बताया कि वह काफी तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल वह दिल्ली प्रीमियर लीग में अपना दम दिखा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बुमराह की उपस्थिति न केवल गेंदबाजों के लिए बल्कि टीम के लिए भी फायदेमंद होती है।

Image

जसप्रीत बुमराह (साभार-ICC)

एशिया कप के लिए जो टीम इंडिया के 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की गई, उसमें कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार एशिया कप में खेलेंगे। ऐसे ही एक खिलाड़ी हैं, हर्षित राणा, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में अपने चुनाव के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है। हर्षित फिलहाल दिल्ली प्रीमियर लीग खेल रहे हैं। एशिया कप से पहले उन्होंने कहा कि नौ सितंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के मैचों ने उनके लिए आदर्श तैयारी के रूप में काम किया। भारत ए के इंग्लैंड दौरे के बाद कुछ समय के लिए मुख्य टेस्ट टीम के साथ रहे राणा ने राष्ट्रीय टीम के लिए अपना पिछला मैच फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था।

राणा ने कहा, ‘‘ ऐसे बिल्कुल भी नहीं है कि मैं अभ्यास से दूर हूं। पिछले 20-25 दिनों में मैंने 12-13 टी20 मैच खेले हैं। डीपीएल के कारण मेरा अभ्यास पूरी तरह से चल रहा है । ’’ उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मेरे लिए सकारात्मक बात है कि मैं मैचों में अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं और कुल मिलाकर मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा है।’’ राणा जसप्रीत बुमराह के साथ फिर से मिलने को लेकर उत्साहित हैं। बुमराह ने कार्यभार प्रबंधन (चोट और थकान से बचने के लिए) के तहत इंग्लैंड में पांच में से तीन टेस्ट खेले थे लेकिन वह पूरे एशिया कप के लिए उपलब्ध रहेंगे।’’

बुमराह के होने से टीम को क्या फायदा

राणा ने कहा, ‘‘मैं आपको बता नहीं सकता कि जस्सी (जसप्रीत बुमराह) भाई का अनुभव कितना काम आता है। उनके साथ खेलना सच में खास है, वह हमारे लिए चीजों को आसान बना देते हैं। वह अगर आसपास हैं तो हम पर दबाव कम होता है।’’ राणा ने कहा, ‘‘मैं धैर्य बनाये रखने की कोशिश करता हूं, भारत की जर्सी पहनना और खेलना हमेशा बहुत रोमांचक होता है। हमारी टीम के पास कमाल की गेंदबाजी इकाई है। मैं परिणाम के बारे में ज्यादा सोचे बिना हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं।’’

राणा को एशिया कप के शुरुआती मैचों के एकादश में मौका मिलने की संभावना कम है क्योंकि तेज गेंदबाजी में बुमराह का साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या मौजूद रहेंगे। राणा ने अभी तक सिर्फ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेला है। उन्होंने जनवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ कनकशन सब्स्टीट्यूट (मैच के दौरान चोटिल हुए खिलाड़ी की जगह एकादश में शामिल होना) के तौर पर पदार्पण करते हुए 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। इस साल आईपीएल में उन्होंने 13 मैचों में 15 विकेट लिये।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!