क्रिकेट

कोलकाता नाईट राइडर्स में गौतम गंभीर को मिस कर रहे हैं ये खिलाड़ी

कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए आईपीएल 2025 का सीजन अच्छा नहीं रहा है। टीम अब तक 9 मुकाबला खेल चुकी है जबकि केवल 3 मुकाबले में उसे जीत मिली है। इस सीजन न बल्लेबाजी में दम दिखा है और न हीं गेंदबाजी में ये टीम कमाल कर पा रही है। इन सबके बीच हर्षित राणा ने एक बड़ा बयान दिया है।

Image

हर्षित राणा और गौतम गंभीर (साभार-x ipl=

भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मंगलवार को होने वाले आईपीएल मैच से पहले कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के डगआउट में गौतम गंभीर से जुड़ी आभा और रोमांच की कमी उन्हें महसूस हो रही है । गंभीर के कोच रहते हर्षित ने 2024 आईपीएल सत्र में 19 विकेट लिये थे । केकेआर ने पिछले साल खिताब जीता था । पिछले एक साल में हर्षित ने भारत के लिये तीनों प्रारूपों में पदार्पण किया।

केकेआर ने इस सत्र में अभी तक छह ही अंक हासिल किये हैं और तालिका में सातवें स्थान पर है। यह पूछने पर कि क्या टीम को गंभीर की कमी खल रही है , हर्षित ने कहा ,‘‘ मैं ऐसा नहीं कहूंगा क्योंकि सहयोगी स्टाफ वही है । अभिषेक (नायर) भाई भी लौट आये हैं । चंदू सर, ड्वेन ब्रावो सभी अच्छे हैं । लेकिन मुझे उस रोमांच की कमी खल रही है । मैं अपने बारे में बोल रहा हूं।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ आपको पता है कि गंभीर की एक आभा है । जिस तरह से वह टीम को लेकर चलते हैं। मैं उसी की बात कर रहा हूं।’’ आस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने नायर को सहायक कोच के पद से हटा दिया जिसके बाद वह केकेआर में लौटे हैं। हर्षित ने कहा ,‘‘ उनके वापिस आने से काफी बदलाव होंगे क्योंकि वह काफी चतुर हैं । वह हालात को बखूबी पढ लेते हैं और केकेआर की टीम से अच्छी तरह वाकिफ हैं । उन्होंने इस टीम को बरसों लगाकर तैयार किया है । अब उनके आने से काफी मदद मिलेगी ।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article