लंदन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के रविवार को खेले गए मुकाबले में 27 गेंद पर 56 रन की आतिशी कप्तानी पारी खेली। हरमनप्रीत कौर की इस पारी की बदौलत भारतीय टीम करो या मरो के मुकाबले में 4 विकेट खोकर 170 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। पारी के आखिरी ओवर में कंगारू कप्तान सोफी मेलोनी के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़कर हरमनप्रीत कौर ने अपना अर्धशतक 25 गेंद में पूरा किया और इसके साथ ही टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के अपने ही भारतीय रिकॉर्ड में सुधार कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिर खेली कप्तानी पारी
चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करने आईं हरमनप्रीत कौर ने एक बार फिर बड़े मंच पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। बीच के ओवरों में उन्होंने विकेट नहीं गिरने दिए और जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ मिलकर टीम को 19 ओवर में 3 विकेट पर 147 रन तक पहुंचा दिया। अंतिम ओवर में हरमनप्रीत कौर ने अपना रौद्र रूप दिखाया और टीम इंडिया को 170 रन के करीब पहुंचा दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Ben Stokes: 35 साल की उम्र में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने क्रिकेट को कहा अलविदा
हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर ने साल 2024 में भारत के लिए विमेंस टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 27 गेंद में श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। हरमनप्रीत कौर ने अब 25 गेंद में अर्धशतक जड़कर अपने ही रिकॉर्ड में सुधार कर लिया है। इस सूची में तीसरे पायदान पर शेफाली वर्मा हैं। उन्होंने 29 गेंद में बांग्लादेश के खिलाफ मौजूदा विश्व कप में जड़ा था।
