क्रिकेट

मुंबई इंडियंस के फैंस को IPL 2025 से पहले कप्तान हार्दिक पंड्या ने दी अच्छी खबर

Hardik Pandya On MI IPL 2025 Squad: मुंबई इंडियंस का पिछले आईपीएल सीजन में बहुत बुरा हाल हुआ था ऊपर से टीम में मतभेद की खबरें और ना जाने किन-किन चीजों ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया था। हालांकि इस बार आईपीएल नीलामी में फ्रेंचाइजी ने गजब की बोलियां लगाईं और बेहतर टीम तैयार की। टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इसी से जुड़ा एक खास बयान दिया है।

Image

हार्दिक पांड्या (MI/Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025 (इंडियन प्रीमियर लीग)
  • मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए अच्छी खबर
  • टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या का बड़ा बयान

Mumbai Indians (MI) IPL 2025: मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पंड्या ने जेद्दा में इंडियन प्रीमियर लीग की बड़ी नीलामी में उनके लिए जिस तरह से चीजें हुईं उस पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों का ‘सही मिश्रण’ ढूंढ लिया है। स्टार ऑलराउंडर पंड्या ने कहा कि उनके पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण रखने की स्पष्ट योजना थी।

पंड्या ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए मुंबई इंडियन्स के वीडियो में कहा, "मैं टेबल (बोली लगाने वाले लोग) के संपर्क में था कि हम किसके लिए बोली लगाने जा रहे हैं और मुझे लगता है कि हमने नीलामी में काफी अच्छा किया और टीम अच्छी दिख रही है।" उन्होंने कहा, "हमने सही मिश्रण ढूंढ लिया है। हमारे पास बोल्टी (ट्रेंट बोल्ट) वापस आया है, दीपक चाहर भी है और साथ ही बिल जैक्स, रोबिन मिंज और रिकेलटन जैसे युवा खिलाड़ी हैं।"

पंड्या ने कहा, "इसलिए मुझे लगता है कि हमने बहुत अच्छा किया। हमने सभी विभागों पर ध्यान दिया है।" पंड्या ने स्वीकार किया कि नीलामी की पूरी प्रक्रिया रोमांचक है लेकिन भावनाओं को काबू में रखना महत्वपूर्ण है, विशेषकर उस विशेष खिलाड़ी के लिए जाते समय जिसकी टीम को सख्त जरूरत है।

उन्होंने कहा, "नीलामी की गतिशीलता हमेशा मुश्किल होती है। जब आप इसे लाइव देख रहे होते हैं तो यह बहुत रोमांचक होता है और भावनाएं हमेशा ऊपर-नीचे होती रहती हैं क्योंकि आप किसी खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं।" कप्तान ने कहा, "लेकिन कभी-कभी आप पिछड़ जाते हैं। (इसलिए) यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम बहुत भावुक नहीं हों क्योंकि अंत में हमें एक पूरी टीम बनानी होती है।"

मुंबई की टीम ने कई अनकैप्ड (जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) युवा खिलाड़ियों को खरीदा जिसमें नमन धीर, रोबिन मिंज, विग्नेश पुथुर, अर्जुन तेंदुलकर, बेवन जॉन जैकब्स, वेंकट सत्यनारायण पेनमेत्सा, राज अंगद बावा, श्रीजीत कृष्णन और अश्विनी कुमार शामिल हैं।

इन युवाओं का जिक्र करते हुए पंड्या ने उनसे कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया और कहा कि मुंबई इंडियन्स के पास उन्हें शीर्ष क्रिकेटरों के रूप में विकसित करने में मदद करने के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं हैं।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article