क्रिकेट

Asia Cup 2025: 'खून और पानी एक साथ..' एशिया कप में भारत-पाक मैच पर भड़के हरभजन सिंह

Harbhajan Singh on Asia Cup 2025 Match: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर 2025 से होने वाली है। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का मैच चर्चा का विषय बना हुआ है इसका कई पूर्व खिलाड़ियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। इसी कड़ी में हरभजन सिंह ने बड़ा बयान दे दिया है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर हरभजन का बयान (फोटो- AP)

Harbhajan Singh on Asia Cup 2025 Match: पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आगामी एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का सख्त विरोध किया है। उनका मानना है कि मौजूदा हालात में दोनों देशों के बीच क्रिकेट नहीं होना चाहिए। बता दें कि इन दोनों देशों के बीच मैच का आयोजन 9 सितंबर 2025 को किया जाएगा।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी किया था बहिष्कार

हाल ही में हरभजन वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) का हिस्सा थे, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने हिस्सा लिया। हालांकि, भारतीय टीम ने दोनों मुकाबलों का बहिष्कार किया। टीम इंडिया ने यह फैसला सीमा पर जारी तनाव को देखते हुए लिया था।

तीन बार आमने-सामने आ सकती हैं दोनों टीमें

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 सितंबर को दुबई में ग्रुप-स्टेज मैच में भिड़ेंगी। इसके अलावा, टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार, दोनों टीमें सेमीफाइनल और फाइनल में भी आमने-सामने आ सकती हैं। हरभजन का कहना है कि जब हमारे सैनिक देश की रक्षा में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, तब पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना उचित नहीं है।

एक मैच छोड़ना कोई बड़ी बात नहीं – हरभजन

हरभजन ने कहा कि “हमारे सैनिक सीमा पर तैनात रहते हैं, महीनों अपने परिवार से नहीं मिल पाते, और कभी-कभी अपनी जान भी गंवा देते हैं। उनकी कुर्बानी के सामने क्रिकेट का एक मैच छोड़ना बहुत छोटी बात है।”उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्रीय हित किसी भी खेल से ऊपर है।

सरकार का रुख भी स्पष्ट

पूर्व ऑफ स्पिनर ने यह भी बताया कि भारत सरकार का रुख पाकिस्तान के प्रति स्पष्ट है—जब तक सीमा पार आतंकवाद जारी है, तब तक दोनों देशों के बीच क्रिकेट जैसे संबंध नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार का भी यही मानना है कि खून और खेल साथ नहीं चल सकते। जब तक बड़े मुद्दे हल नहीं होते, क्रिकेट जैसी चीज़ें बहुत छोटी हैं। देश हमेशा पहले आता है।”

WCL में दो बार मैच से किया इनकार

WCL में भारत चैंपियंस टीम का पाकिस्तान से ग्रुप मैच 31 जुलाई को होना था, लेकिन एक दिन पहले टीम के स्पॉन्सर ईज माय ट्रीप ने यह कहते हुए समर्थन वापस ले लिया कि ‘आतंक और क्रिकेट साथ नहीं चल सकते।’ भारतीय खिलाड़ियों, जिनमें शिखर धवन और हरभजन सिंह शामिल थे, ने मैच खेलने से इनकार कर दिया।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article