ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल से लिया संन्यास (BCCI)
मुख्य बातें
Glenn MaxwellIPL Retirement: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण (IPL 2026) के लिए 16 दिसंबर को अबु धाबी में खिलाड़ियों की नीलामी (IPL 2026 Auction) का आयोजन होने वाला है। इस नीलामी से पहले कई विदेशी खिलाड़ियों ने अचानक आईपीएल से किनारा करने का फैसला सुना दिया है। तीन विदेशी खिलाड़ियों ने पहले ही अपना निर्णय सुना दिया था और अब ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है।
कुछ ही दिन के अंदर चार विदेशी खिलाड़ी आईपीएल से अलग हो चुके हैं। सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस ने आईपीएल 2026 रिटेंशन में दिल्ली कैपिटल्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद आईपीएल में ना खेलने का फैसला सुनाया और पीएसएल (पाकिस्तान सुपर लीग) में खेलने का निर्णय लिया।
इसके बाद वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर और टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर मौजूद आंद्रे रसेल (Andre Russell) ने आईपीएल से रिटायरमेंट लेने का फैसला ले लिया। रसेल को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले रिलीज कर दिया था।
आंद्रे रसेल के बाद एक और विदेशी खिलाड़ी ने आईपीएल से किनारा करने का ऐलान किया। इस बार नाम था इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली (Moeen Ali) का जिनको भी कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया था। मोइन ने भी पीएसएल में खेलने का फैसला लिया है।
अब इन तीन खिलाड़ियों के बाद ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल से रिटायरमेंट लेने का फैसला ले लिया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, "आईपीएल में कई यादगार सीजन के बाद मैंने निर्णय लिया है कि इस बार मैं नीलामी के लिए अपना नाम नहीं दूंगा। ये एक बड़ा फैसला है, जिसे मैं बहुत शुक्रिया कहते हुए लेता हूं जो कुछ इस लीग ने मुझे दिया है। आईपीएल ने मुझे एक क्रिकेटर और एक व्यक्ति के रूप में निखारा है। मैं किस्मत वाला था कि दुनिया के शानदार क्रिकेटरों के साथ खेल सका, शानदार टीमों का हिस्सा बन सका और ऐसे फैंस के सामने प्रदर्शन कर सकता जिनकी दीवानगी अतुल्नीय है। भारत की यादें, चुनौतियां और ताकत हमेशा मेरे साथ रहेगी। शुक्रिया इतने सालों तक आपके समर्थन के लिए। उम्मीद है जल्द ही फिर मिलेंगे।"
गौरतलब है कि आईपीएल ऑक्शन के लिए जिन खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, उनकी लिस्ट सामने आ चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 1355 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम रजिस्टर कराया है। टीमों को इनमें से सिर्फ 77 खिलाड़ियों को खरीदना है अपनी टीम पूरी करने के लिए। जो एक बड़ी चुनौती होने वाली है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।