क्रिकेट

क्या मैच के बाद हार्दिक और गौतम गंभीर में हुई तीखी बहस, मैच के बाद वायरल हो रहा वीडियो

टीम की हार बहुत कुछ उजागर कर देती है। दूसरे टी20 में हार के बाद ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसको लेकर यह दावा किया जा रहा है कि इसमें गौतम गंभीर और हार्दिक के बीच बहस हो रही है।

Image

हार्दिक पांड्या और गौतम गंभीर (साभार-Screengrab)

भारतीय क्रिकेट टीम को गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मु्ल्लांपुर में सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। टीम की हार के बाद हेड कोच गौतम गंभीर काफी निराशा और गुस्से में नजर आए थे। अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बारे में फैंस अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भारतीय टीम की हार के बाद गौतम गंभीर और टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बीच जोरदार बहस की खबर आ रही है। ये वीडियो दूसरे टी20 के बाद का बताया जा रहा है।

वीडियो में गंभीर और हार्दिक पांड्या कुछ मिनट तक एक दूसरे के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। दोनों के चेहरे की भाव-भंगिमा से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हार के बाद गंभीर खफा हैं और इसी मुद्दे पर हार्दिक के साथ उनकी बहस हो रही है। मैच में हार्दिक का प्रदर्शन साधारण रहा था। गेंदबाजी में उन्होंने 3 ओवर में 34 रन लुटाए थे और एक भी विकेट नहीं ले सके थे। वहीं बल्लेबाजी के दौरान 23 गेंद पर सिर्फ 20 रन बना सके थे। उनका गेंद और बल्ले से साधारण प्रदर्शन भी हेड कोच गंभीर की निराशा का कारण हो सकता है।

मैच की बात करें तो टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डी कॉक के 46 गेंद पर 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से बनाए 90 रनों की मदद से 4 विकेट पर 213 रन बनाए थे। भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर सिमट गई थी और 51 रन से मैच हार गई थी। यह घर पर टी20 में टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार भी थी। इस मुकाबले में गंभीर के फैसलों पर सवाल भी उठे थे जब उन्होंने नंबर 3 पर तिलक और सूर्या की जगह अक्षर पटेल को बल्लेबाजी करने के लिए भेजा था। उनका यह दांव पूरी तरह से फेल रहा क्योंकि अक्षर 21 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो गए थे। भारतीय टीम के लिए तिलक वर्मा ने 34 गेंद पर 62 रन बनाए। वे शीर्ष स्कोरर रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए ओटनिल बार्टमैन ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। लुंगी एंगिडी, मार्को जानसेन, और लुथो सिंपाला ने 2-2 विकेट लिए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article