क्रिकेट

गंभीर के डिनर टेबल पर बनेगी ऑस्ट्रेलिया को हराने की योजना

भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले टीम इंडिया के हेड कोच एक डिनर पार्टी की मेजबानी कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इसके जरिए वह टीम के खिलाड़ियों से मिलकर बात करेंगे। इस दौरे से पहले टीम में बड़ा बदलाव किया गया है और गिल को कप्तान बनाया गया है।

Image

गौतम गंभीर और शुभमन गिल (साभार-X)

ऑस्ट्रेलिया दौरा 19 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस दौरे पर टीम इंडिया नए कप्तान गिल के नेतृत्व में खेलने उतरेगी। इससे पहले टीम के साथ हेड कोच गंभीर चाहते हैं कि टीम के सदस्यों के साथ एक इनफॉर्मल मीटिंग हो जाए। इसके लिए बुधवार को वह अपने आवास पर भारतीय टीम के लिए डिनर की मेजबानी करेंगे। टीम इंडिया 10 अक्टूबर से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना दूसरा टेस्ट मैच खेलने वाली है।

सूत्रों की मानें तो गंभीर चाहते हैं कि डिनर खुले में बगीचे में हो, लेकिन अगर बारिश हुई तो गंभीर के डिनर डिप्लोमेसी रद्द हो सकती है। टीम में हुए बदलाव के बाद गंभीर खिलाड़ियों से मिलना चाहते हैं और आगामी व्हाइट बॉल सीरीज से पहले खिलाड़ियों के साथ चर्चा करना चाहते हैं। बतौर टेस्ट कप्तान धमाकेदार आगाज करने वाले गिल के लिए ऑस्ट्रेलिया की चुनौती आसान नहीं होने वाली। यह अलग बात है कि उनका साथ देने के लिए वहां रोहित-कोहली की जोड़ी मौजूद रहेगी, लेकिन सवाल है कि क्या वह फैसले को लेकर उनसे कोई मदद मागेंगे। दूसरी तरफ रोहित के लिए भी यह आसान नहीं होगा कि वह एक युवा कप्तान के लीडरशिर में खेलें और सामंजस्य बिठा सके। 2016 के बाद यह पहला मौका होगा जब रोहित टीम में तो होंगे, लेकिन न ही वह कप्तान और न ही उप-कप्तान होंगे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम इंडिया, वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है और इसमें फिलहाल 1-0 से आगे है। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को एक पारी और 140 रनों से हराया था, जिसमें रवींद्र जडेजा (104* और चार विकेट) को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था। दो बार की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनलिस्ट तीन जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ डब्ल्यूटीसी तालिका में तीसरे स्थान पर है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article