Gautam Gambhir reaction on his Viral Video: कैंडी के पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और नेपाल के बीच जारी एशिया कप 2023 मैच के दौरान मैदान से बाहर एक अजीब घटना भी हो गई। इस घटना में दोनों टीमों का कोई खिलाड़ी नहीं बल्कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर, कमेंटेटर और सांसद गौतम गंभीर शामिल थे। दरअसल, गंभीर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद उनको इसकी सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।
मैच में कमेंट्री कर रहे गौतम गंभीर जब बीच में मैदान से बाहर जा रहे थे, तब वहां फैंस ने कुछ नारे लगाए। किसी का कहना है कि कोहली-कोहली के नारे लगे, कोई कह रहा है कि धोनी-धोनी के नारे लग रहे थे। तभी गंभीर ने फैंस की तरफ देखकर आपत्तिजनक इशारा किया। इसके बाद उनका वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। अब गंभीर ने इसको लेकर सफाई दी है। उनका कहना है कि वहां कुछ पाकिस्तानी फैंस भी थे जो भारत विरोधी नारे लगा रहे थे, जिसकी वजह से उनको ऐसा इशारा या प्रतिक्रिया देनी पड़ी।
गंभीर से जब उस वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, "जो वीडियो वायरल हुआ है, उस वीडियो में सबसे बड़ी सच्चाई यही है कि जब आप एंटी इंडिया नारे लगाएंगे। अगर आप ये बोलेंगे कि हिंदुस्तान मुर्दाबाद या कश्मीर पर कुछ बोलेंगे तो मेरे जैसा भारतीय हंसकर चला नहीं जाएगा, मैं अपने देश के खिलाफ नहीं सुन सकता। कारण था कि वहां कुछ पाकिस्तानी थे जो ऐसा कर रहे थे।"
