क्रिकेट

Rishabh Pant 50th Test: गौतम गंभीर ने ऋषभ पंत को दी 50वें टेस्ट से पहले अहम सलाह, जानिए क्या कहा?

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उनके करियर के 50वें टेस्ट से पहले एक अहम सलाह दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुल्लांपुर: ऋषभ पंत के लॉफ्टेड शॉट में अब भी वही रोमांच है लेकिन 50वें टेस्ट से दो दिन पूर्व इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अलग रवैया अपनाते हुए देखा गया।

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारत के ट्रेनिंग सत्र के दौरान यह विकेटकीपर-बल्लेबाज अपनी बॉडी लैंग्वेज और इरादों दोनों में ही अधिक संयमित नजर आया। ऐसा लग रहा था कि वह मुख्य कोच गौतम गंभीर की सलाह पर अमल कर रहे हैं।

पंत के शॉट सिलेक्शन पर गंभीर ने जताई थी नाराजगी

भारतीय क्रिकेट जगत में यह किसी से छिपा नहीं है कि गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के पिछले टेस्ट मैच के दौरान पंत के गैरजिम्मेदाराना शॉट चयन से गंभीर काफी नाराज थे। दोनों ही पारियों में पंत का आउट होना चर्चा का विषय बन गया और उस समय उनकी काफी आलोचना हुई जब टीम अपने एक सीनियर खिलाड़ी से अधिक जिम्मेदारी की उम्मीद कर रही थी। नेट में पंत जब स्पिनरों का सामना कर रहे थे तो उनका पूरा ध्यान मजबूत डिफेंस पर था और इस दौरान गंभीर की पैनी नजर उन पर टिकी हुई थी।

सीनियर खिलाड़ी की भूमिका निभाने के लिए हैं प्रतिबद्ध

सहायक कोच रेयान टेन डोएशे से जब पूछा गया कि पंत उप कप्तानी से हटाए जाने सहित अन्य बदलावों से कैसे निपट रहे हैं तो उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि वह अच्छे आदर्श और सीनियर खिलाड़ी की भूमिका निभाने को लेकर प्रतिबद्ध है। दरअसल, कल मैंने उन्हें और गौती (गौतम गंभीर) को इसी बारे में बात करते हुए सुना था। वे इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि ’एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर आप खुद को कैसे पेश करना चाहते हैं’, जिसमें बातचीत का तरीका और आप किस तरह से खेलेंगे जैसी बातें शामिल थीं। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के एलीट ढांचे में नेतृत्वकर्ता बनने के लिए उसे किसी औपचारिक जिम्मेदारी की जरूरत है और मुझे लगता है कि ऋषभ यह बात समझता है।'

खतरों के खिलाड़ी हैं ऋषभ पंत

पंत का खेल कभी-कभी हीरो बनने और अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने के बीच की महीन रेखा पर चलता है, एक ऐसी चीज जिसकी वजह से उन्हें बराबर मात्रा में प्यार और नफरत दोनों मिलते हैं। टेन डोएशे नहीं चाहते कि वह अपनी शानदार प्रतिभा पर लगाम कसें लेकिन टीम प्रबंधन चाहता है कि वह मैच की स्थितियों के हिसाब से अपनी जल्दबाजी में थोड़ी कमी लाएं। उन्होंने कहा,'ऋषभ की शानदार काबिलियत को देखते हुए हम उनसे वह सब कुछ छीनना नहीं चाहते जो वह करते हैं लेकिन अगर कभी-कभार वह अपने खेल को मैच की स्थितियों के हिसाब से थोड़ा और ढाल सकें तो मुझे लगता है कि आप उन्हें इस चीज पर काम करते हुए जरूर देखेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article