Team India Win Reaction: भारत ने इंग्लैंड को पांचवें और अंतिम टेस्ट में 6 रन से हराकर 2025 एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को 2-2 से बराबरी पर समाप्त किया। इस ऐतिहासिक जीत ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा और भारत के कई दिग्गज क्रिकेटरों ने इस पर प्रतिक्रिया दी।चौथे दिन जब खेल खराब रोशनी और बारिश के कारण रोक दिया गया, तब इंग्लैंड 339/6 पर था और जीत के लिए केवल 35 रन दूर था। भारत को जीत के लिए अंतिम दिन चार विकेट की जरूरत थी। मोहम्मद सिराज ने जिम्मेदारी संभाली और 85.1 ओवर में इंग्लैंड को 367 रन पर समेट दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 126 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
तेंदुलकर हुए रोमांचित
महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (Twitter) पर लिखा कि “टेस्ट क्रिकेट… रोंगटे खड़े कर देने वाला! श्रृंखला 2-2, प्रदर्शन 10 में से 10। भारतीय क्रिकेट के महानायकों, क्या शानदार जीत!” वहीं विराट कोहली ने सिराज की तारीफ की और लिखा कि “सिराज और प्रसिद्ध के दृढ़ संकल्प और संघर्ष ने यह असाधारण जीत दिलाई। सिराज ने टीम के लिए सब कुछ झोंक दिया। उनके लिए बेहद खुश हूं।”सिराज ने तुरंत कोहली को धन्यवाद देते हुए उनकी सराहना का जवाब दिया।
सिराज कभी टीम को निराश नहीं करते - गांगुली
पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली ने लिखा कि “टीम इंडिया की शानदार जीत। टेस्ट क्रिकेट, अब तक का सबसे बेहतरीन प्रारूप। सिराज दुनिया के किसी भी कोने में टीम को निराश नहीं करते। प्रसिद्ध, आकाशदीप, जायसवाल, जडेजा, वॉशिंगटन और पंत सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस युवा टीम में निरंतरता है।”
पंत का भी आया रिएक्शन
चोट के चलते अंतिम टेस्ट से बाहर रहे ऋषभ पंत ने अपनी भावनाएं इंस्टाग्राम पर साझा कीं उन्होंने लिखा कि 'यह टीम परिस्थितियों से लड़ने वाली, समर्पित और देश के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली है। इस दौरे में काफी त्याग करना पड़ा, लेकिन इसने उससे भी अधिक दिया। हमारे समर्थकों और सहयोगी स्टाफ को दिल से धन्यवाद।'
इरफान पठान और हरभजन सिंह ने भी दी बधाई
पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए लिखा कि “शेर का दिल और लोहे का शरीर — मोहम्मद सिराज।”वहीं, पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि“सिराज और प्रसिद्ध का शानदार प्रदर्शन। जबर्दस्त जीत। हर खिलाड़ी को बधाई, तुम सबने दिल जीत लिया।”
(भाषा)
