वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ी सलाह दी है। टी20 महिला विश्व कप के पहले दौर से बाहर होने के बाद बिशप ने कहा कि भारत को विश्व स्तर पर सफलता पानी है तो महिला प्रीमियर लीग (WPL) के जरिए और तेज गेंदबाज और कलाई के स्पिनर तैयार करने होंगे। वनडे में विश्व चैंपियन भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।
WPL का सही इस्तेमाल करे भारतीय टीम
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप विशेषज्ञ बिशप ने जियो स्टार के मीडिया डे में कहा, "डब्ल्यूपीएल में टीमों को इस तरह तैयार करना होगा कि विदेशी खिलाड़ियों के साथ-साथ भारतीय खिलाड़ियों का चयन भी अहम भूमिका निभाए। क्योंकि टी20 इंटरनेशनल में आपको भारतीय खिलाड़ियों की ही जरूरत होगी।" उन्होंने साफ किया, "विश्व स्तर पर आप विदेशी खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं रहते। यह आपकी राष्ट्रीय टीम है।"बिशप ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में रिचा घोष को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर नहीं भेजने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि रिचा को थोड़ा ऊपर भेजा जाना चाहिए था। जेमिमा रोड्रिग्स लय में नहीं थी।"
भारत को भुगतना पड़ा चोटों का खामियाजा
बिशप ने माना कि भारत को चोटों का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। श्रेयंका पाटिल टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उन्होंने कहा, "भारत को तेज गेंदबाजी में और विकल्प चाहिए थे।" ऑस्ट्रेलिया की तारीफ करते हुए बिशप बोले, "टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया छह खिताब जीत चुका है और उनकी बल्लेबाजी शानदार है। भारत के पास भी टैलेंट है लेकिन और जरूरत है। डब्ल्यूपीएल अभी नया टूर्नामेंट है और इसका पूरा प्रभाव समय रहते देखने को मिलेगा।" बिशप का मानना है कि डब्ल्यूपीएल से भारतीय क्रिकेट को गहराई मिलेगी, लेकिन इसके लिए फ्रेंचाइजियों को घरेलू तेज गेंदबाजों और लेग स्पिनरों पर फोकस करना होगा।
