क्रिकेट

कमेंट्री के बाद अब कोचिंग में हाथ आजमाना चाहता है इंग्लैंड का ये पूर्व दिग्गज गेंदबाज

इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड कमेंट्री के बाद अब कोचिंग में हाथ आजमाना चाहते हैं। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को अंडर-17 और अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों को कोचिंग देने की इच्छा जताई है।

Image

स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन (फोटो क्रेडिट ICC X)

लंदन: इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड कोच की भूमिका निभाने की योजना बना रहे हैं जहां वह एक दिन जोफ्रा आर्चर और जिमी एंडरसन जैसे गेंदबाज तैयार कर सकें। टेस्ट क्रिकेट में अपने हमवतन एंडरसन के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज ब्रॉड ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की से बात की है और अंडर-17 तथा अंडर-19 खिलाड़ियों को तैयार करने की इच्छा व्यक्त की है।

अगले साल की शुरुआत में कर सकते हैं कोचिंग का आगाज

टेस्ट क्रिकेट में 604 विकेट लेने वाले ब्रॉड ने द टेलीग्राफ से कहा,'निश्चित रूप से में कोचिंग से जुड़ना चाहता हूं। मैंने रॉब की से इस बारे में बात की है कि जब कार्यक्रम अनुकूल हो तो मैं इंग्लैंड की टीम में युवा गेंदबाजों के साथ काम करना चाहता हूं।' ब्रॉड ने कहा कि हालांकि उन्होंने कोचिंग में कदम रखने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वह अगले साल की शुरुआत में कोचिंग से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा,'मैंने कोचिंग के लिए कोई लक्ष्य या तारीख या भविष्य के बारे में कुछ तय नहीं किया है, लेकिन पूरी संभावना है कि अगले साल से मैं कोचिंग में अधिक समय दे सकता हूं।'

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में थे द. अफ्रीका के गेंदबाजी सलाहकार

ब्रॉड के लिए कोचिंग नई चीज नहीं है। वह लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के गेंदबाजी सलाहकार थे। दक्षिण अफ्रीका ने यह मैच जीतकर अपना पहला आईसीसी विश्व खिताब जीता था। उनका मानना है कि वह इंग्लैंड टीम में युवा गेंदबाजों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शास्त्री और पोटिंग जैसा कमेंटेटर बनने की है इच्छा

ब्रॉड की दूसरी इच्छा एक अच्छा कमेंटेटर बनने की है और उनका मानना है कि भारतीय क्रिकेटर से कमेंटेटर बने रवि शास्त्री की आवाज बहुत आकर्षक है। उन्होंने कहा,'रिकी पोंटिंग विस्तार से बहुत अच्छा विश्लेषण करते हैं। रवि शास्त्री का लहजा शानदार है। मैं इन लोगों से सीखता रहता हूं। अभी मैं पूरी तरह से इसी पर अपना ध्यान लगा रहा हूं। मैं अभी उस स्तर का कमेंटेटर नहीं हूं लेकिन मैं सहज महसूस करता हूं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article