क्रिकेट

INDA vs ENG Lions: इंग्लैंड लॉयन्स ने इंडिया-ए को दिया करारा जवाब, दूसरे दिन बनाए 192/3 रन, भारतीय गेंदबाज हुए नाकाम

इंग्लैंड लॉयन्स ने इंडिया-ए को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट के दूसरे दिन करारा जवाब दिया है। भारतीय गेंदबाज अपनी छाप छोड़ने और असर डालने में नाकाम रहे। ऐसा रहा दूसरे दिन के खेल का हाल।

India A vs England Lions

इंडिया-ए बनाम इंग्लैंड लॉयन्स (साभार X/Jiohotstar)

नॉर्थम्पटन: तेज गेंदबाजी हरफनमौला शार्दुल ठाकुर और नीतीश कुमार रेड्डी कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके और भारत ए के 348 रन के जवाब में इंग्लैंड लायंस ने चार दिवसीय अनधिकृत टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को 46 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बना लिये जब खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा। भारतीय टीम प्रबंधन ठाकुर और रेड्डी को विकेट नहीं मिलने से चिंतित होगा क्योंकि दोनों इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में टीम में तेज गेंदबाजी हरफनमौला के एकमात्र स्थान के दावेदार हैं।

रेड्डी और शार्दुल रहे गेंदबाजी में नाकाम

कैंटरबरी में पहले चार दिवसीय मैच में ठाकुर ने 28 ओवर में 105 रन देकर दो विकेट लिये थे जबकि रेड्डी ने 14.5 ओवर में 63 रन देकर एकमात्र विकेट पाया था। यहां भी पिच से काफी स्विंग मिल रही थी लेकिन दोनों उसका फायदा नहीं उठा सके। ठाकुर ने छह ओवर डाले लेकिन कामयाबी नहीं मिली और रेड्डी को भी छह ओवर में कोई विकेट नहीं मिला। जॉर्डन कॉक्स 31 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि जेम्स रियू ने अभी खाता नहीं खोला है। खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन आखिरी सत्र में 13 ओवर ही फेंके जा सके।

अभी भी 156 रन पीछे है लॉयन्स

इंग्लैंड लॉयंस अभी भी 156 रन पीछे है। एमिलियो गे ने मेजबान टीम के लिये 117 गेंद में सात चौकों की मदद से 71 रन बनाये। उन्हें दिन के आखिरी ओवर में तनुष कोटियान ने पगबाधा आउट किया। लंच से पहले अंशुल कम्बोज ने भारत को पहली सफलता दिलाते हुए बेन मैकिनी (12) को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों लपकवाया। इससे पहले मैकिनी को आठवें ओवर में प्वाइंट पर जीवनदान मिला था। लंच के बाद तुषार देशपांडे ने टॉम हैंस को आउट करके दूसरे विकेट की 94 रन की साझेदारी को तोड़ा । विकेट के पीछे जुरेल ने ही उनका कैच लपका। हैंस ने 88 गेंद में नौ चौकों की मदद से 54 रन बनाये।

348 रन पर ढही इंडिया-ए की पहली पारी

इससे पहले भारत ए ने सात विकेट पर 319 रन से आगे खेलते हुए अपने स्कोर में 29 रन और जोड़े। तनुष कोटियान 37 गेंद में 15 रन बनाकर और कम्बोज दो रन पर आउट हो गए। जोशुआ टंग ने दोनों को आउट किया और तुषार देशपांडे (11) के रन आउट में भी अहम भूमिका निभाई । खलील अहमद सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ए के लिये केएल राहुल ने 116 और जुरेल ने 52 रन बनाये थे। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जायेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article