क्रिकेट

ENG vs NZ, 1st Test Highlights: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट में दी करारी मात, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को तीन मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में 115 रन के अंतर से पटखनी देकर 1-0 की बढ़त बना ली है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट के चौथे दिन के खेल का ऐसा रहा हाल।

Image

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, पहला टेस्ट

Photo : AP

लंदन: इंग्लैंड ने रविवार को लॉर्ड्स में पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच से पहले न्यूजीलैंड पर 115 रन से जीत हासिल की जो ऑस्ट्रेलिया में एशेज में मिली निराशाजनक हार के बाद टीम के लिए नयी और सकारात्मक शुरुआत है। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 55 रन से खेलना शुरू किया और उसे जीत के लिए 254 रन चाहिए थे। न्यूजीलैंड ने खेल के पहले दो घंटे के अंदर अपने बाकी पांच विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 138 रन पर आउट हो गई।

गस एटकिंसन ने झटके दूसरी पारी में पांच विकेट

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर पांच विकेट झटके। गेंदबाजों की मुफीद पिच पर 24 बल्लेबाज बोल्ड हुए या पगबाधा आउट हुए। स्पिनरों को मैच में एक भी गेंद नहीं मिली। ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के शीर्ष स्कोरर रहे जिन्होंने नाबाद 44 रन बनाए। इंग्लैंड ने पहली पारी में 140 और दूसरी पारी में 226 रन बनाए। न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई। एशेज दौरे पर ऑस्ट्रेलिया से 1-4 से मिली हार के बाद गर्मियों की इस पहली टेस्ट सीरीज को इंग्लैंड के लिए एक नयी शुरुआत माना जा रहा है।

सीरीज में इंग्लैंड ने बनाई 1-0 की बढ़त

कप्तान बेन स्टोक्स की टीम के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे दोनों टीमों में 57 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले खिलाड़ी रहे। वहीं 2024 के बाद पहली बार टीम में शामिल हुए ओली रोबिन्सन ने मैच में सात विकेट (39 रन देकर पांच विकेट और 38 रन देकर दो विकेट) चटकाए। तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा टेस्ट 17 जून से लंदन के ’द ओवल’ में शुरू होगा। सीरीज में इंग्लैंड ने 1-0 की बढ़त बना ली है। ओली रॉबिन्सन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मैच में 7 विकेट लिए और बल्ले से 29 रन का योगदान दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article