क्रिकेट

NEP vs ENG Highlights: नेपाल के खिलाफ आखिरी ओवर के रोमांच में उलटफेर से बचा इंग्लैंड

NEP vs ENG Highlights: टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे दिन नेपाल के खिलाफ इंग्लैंड उलटफेर का शिकार होने से बच गया। आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में नेपाल की टीम वानखेड़े में मौजूद हजारों फैंस का दिल जीत लिया।

England vs Nepal

इंग्लैंड बनाम नेपाल (साभार-AP)

NEP vs ENG Highlights: टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम उलटफेर का शिकार होने से बच गई। मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप सी के मुकाबले में नेपाल ने इंग्लैंड को पटखने की कोशिश तो बहुत की, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने ऐसा होने नहीं दिया। आखिरी ओवर में नेपाल को 10 रन की दरकार थी, लेकिन सैम करन ने इस ओवर में केवल 5 रन दिए और अपनी टीम को उलटफेर से बचा लिया। नेपाल के सामने जीत के लिए 185 रन का लक्ष्य था, जिसका पीछा करते हुए नेपाल 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन ही बना सकी।

टीम 14 ओवर तक अच्छी स्थिति में थी और ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड एक और उलटफेर का शिकार हो जाएगा, लेकिन 15वें ओवर में सैम करन ने अपने टीम की वापसी करा दी। करन ने दिपेंद्र सिंह ऐरी को आउट कर खतरनाक नजर आ रही साझेदारी को तोड़ दिया। कप्तान रोहित पौडेल औक ऐरी ने तीसरे विकेट के लिए शानदार 82(54) रन की साझेदारी की। रोहित पौडेल ने 39 जबकि दिपेंद्र सिंह ऐरी ने 44 रन की पारी खेली। इसके बाद लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। लोकेश बाम ने 20 गेंद में 39 रन की पारी खेलकर नेपाल को अंत तक मुकाबले में बनाए रखा। इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 2 विकेट चटकाए।

इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन) और जैकब बेथेल (55 रन) के अर्धशतकीय पारी के दम पर नेपाल के खिलाफ सात विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज बेथेल ने टी20 विश्व कप डेब्यू में तेज अर्धशतक से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 35 गेंद में चार छक्के और इतने ही चौके लगाए।

कप्तान ब्रूक 32 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली। उन्होंने बेथेल के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की।

नेपाल के गेंदबाजों ने अपनी तरफ से कड़ी चुनौती पेश की। शेर मल्ला ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर फिल साल्ट (01) को कैच आउट करवाया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नंदन यादव ने पांचवें ओवर में जोस बटलर (26) का अहम विकेट लिया जो बेथेल के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे।

सातवें ओवर में इंग्लैंड ने तीसरा विकेट टॉम बैंटन के रूप में लिया जो स्पिनर संदीप लामिचाने को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में पगबाधा आउट हुए।

इससे पहले बेथेल ने उनकी पहली चार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया था। फिर बेथेल का साथ निभाने ब्रूक उतरे। यह वही पिच है जिस पर शनिवार रात को भारत ने 77 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे।

हालांकि इंग्लैंड को निश्चित रूप से उस पिच पर बल्लेबाजी करने में कोई परेशानी नहीं हुई जिस पर कुछ गेंद रूककर आ रही थी। इंग्लैंड के बल्लेबाज काफी हद तक अपने शॉट खेलने में सफल रहे। हालांकि कोई भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की तरह पारी नहीं खेल सका। इंग्लैंड ने आखिरी तीन ओवरों में 45 रन बनाए जिसमें विल जैक्स चार छक्के और एक चौका लगाकर 18 गेंद में 39 रन बनाकर नाबाद रहे। मैदान में नेपाल के प्रशंसक भारी संख्या में मौजूद थे जो इंग्लैंड के प्रशंसकों की तुलना में कहीं ज्यादा थे। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव ने दो दो विकेट झटके। शेर मल्ला और संदीप लामिचाने ने एक एक विकेट प्राप्त किया।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article