क्रिकेट

AUS vs ENG 3rd Ashes Test: तीसरे एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11 ऐलान, शोएब बशीर को नहीं मिली जगह

एडिलेड में 17 दिसंबर से खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है। टीम में स्पिनर शोएब बशीर को मौका नहीं मिला है।

Image

जोश टंग (फोटो क्रेडिट ECB)

एडिलेड: इंग्लैंड ने बुधवार से एडिलेड में खेले जाने वाले तीसरे एशेज टेस्ट के लिए गस एटकिंसन की जगह जोश टंग को टीम में वापस बुलाया है, लेकिन धीमे गेंदबाजों की मददगार पिच की संभावना के बावजूद विशेषज्ञ स्पिनर शोएब बशीर को एकादश में जगह नहीं मिली है। टंग की वापसी इंग्लैंड की टीम में एकमात्र बदलाव है जिसे गाबा में आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

एडिलेड में इंग्लैंड के लिए है करो या मरो का मुकाबला

इंग्लैंड की टीम पांच मैचों की श्रृंखला में 0-2 से पीछे हैं। उसके लिए श्रृंखला में बने रहने के लिए एडिलेड में जीत दर्ज करना जरूरी होगा। चयनकर्ताओं ने बशीर के टीम में होने के बावजूद स्पिन गेंदबाजी करने वाले हरफनमौला विल जैक्स को तरजीह दी है। बशीर को इससे पहले पर्थ और ब्रिसबेन की तेज गेंदबाजों की मददगार परिस्थितियों में खेले गये मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था और जब परिस्थितियां उनके अनुकूल होने की संभावना है तो टीम ने जैक्स को एकादश में बनाये रखने का फैसला किया। इस बीच ऑस्ट्रेलिया की टीम में नाथन लॉयन की वापसी हुई है।

एटकिंगसन हुए प्लेइंग-11 से बाहर

एटकिंसन को 78.66 की औसत से सिर्फ तीन विकेट लेने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया। टंग भारत के खिलाफ पांच मैचों की पिछली श्रृंखला में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने एशेज के अपने पिछले टेस्ट (लॉर्डस, 2023) में स्टीव स्मिथ को दोनों पारियों में आउट करने के साथ पांच विकेट झटके थे।

तीसरे एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम:

जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ, विल जैक्स, जोश टंग, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article