क्रिकेट

ENG vs PAK 1st Test Day One Highlights: इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट के पहले ही दिन पाकिस्तान का हाल हुआ बेहाल

इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ लीड्स में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन शानदार गेंदबाजी के बल पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहले दिन के खेल का ऐसा रहा पल पल का हाल।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

Photo : AP

लीड्स: इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में बुधवार को शुरू हुए सीरीज के पहले टेस्ट के पहले ही दिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हाल बेहाल हो गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के कहर का सामना नहीं कर सकी और पूरी टीम 48.1 ओवर में 171 रन बनाकर ढेर हो गई। इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिनसन ने 51 रन देकर 5 और जोश टंग ने 46 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 61 रन की पारी अबदुल्लाह शफीक ने खेली। वहीं 42 रन इमाम उल हक ने बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 112 रन बना लिए हैं। जॉर्डन कॉक्स 23 और जो रूट 37 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में पाकिस्तान से 59 रन पीछे है। बेन डकेट 15 और एमिली गे 33 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली ने पाकिस्तान के लिए एक-एक विकेट अपने नाम किए।

खराब रही पाकिस्तान की पारी की शुरुआत

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करने अजान अवैस और इमाम उल हक ने शुरू की। पारी की पहली ही गेंद पर अवैस को रॉबिनसन ने एलबीडब्लू करके पहली सफलता इंग्लैंड को दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शान मसूद की पारी का अंत पांचवें ओवर में रॉबिनसन ने किया। मसूद 5 रन बनाकर एलबीडब्लू हो गए। 6 रन पर 2 विकेट पाकिस्तान ने गंवा दिए थे। ऐसे में पारी को इमाम उल हक और अब्दुल्लाह शफीक ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 81 गेंद में पूरी की और लंच तक कोई विकेट और नहीं गिरने दिया। दोनों ने स्कोर को 97 रन तक पहुंचाया। ऐसे में अर्धशतक पूरा करने से पहले इमाम उल हक जोश टंग की गेंद पर हैरी ब्रूक के हाथों लपके गए। उन्होंने 42 रन बनाए।

शकील-शफीक ने पहुंचाया 100 रन के पार

इमाम उल हक के आउट होने के बाद पाकिस्तान को सउद शकील और अबदुल्लाह शफीक ने 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 117 के स्कोर पर शकील को रॉबिनसन ने एलबीडब्लू कर दिया। शकील 5 रन बना सके। शफीक भी 82 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद टंग की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 61 रन बनाए।

118 रन पर पाकिस्तान की आधी टीम लौटी पवेलियन

पाकिस्तान ने 118 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में कार्यवाहक कप्तान सलमान आगा और मोहम्मद रिजवान ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पाकिस्तान को 150 रन तक पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर जोश टंग ने सलमान आगा को बोल्ड कर दिया। वो 21(29) रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर टंग ने अली उस्मान को एलबीडब्लू कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद पाकिस्तान के पुछल्ले बल्लेबाजों को भी टंग औ रॉबिनसन ने चलता करके पूरी टीम को 171 रन पर ढेर कर दिया। खुर्रम शहजाद ने 14 और मोहम्मद अब्बास ने 2 रन बनाए। ओली रॉबिनसन ने 51 रन देकर और जोश टंग ने 46 रन देकर 5 विकेट लिए। 28 साल बाद इंग्लैंड के दो तेज गेंदबाज एक ही टेस्ट पारी में 5-5 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।

इंग्लैंड ने पहले दिन बनाए 2 विकेट पर 112 रन

पाकिस्तान को 171 रन पर ढेर करने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और एमिलिओ गे ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। इसी स्कोर पर डकेट को मोहम्मद अब्बास ने एलबीडब्लू करके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अगले ही ओवर में गे को मोहम्मद अली ने सलमान आगा के हाथों कैच कराकर दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दिन का खेल खत्म होने से पहले इंग्लैंड को 100 रन के पार पहुंचा दिया। इंग्लैंड ने दिन के खेल का अंत 2 विकेट पर 112 रन के साथ किया। कॉक्स 23 और रूट 37 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड पाकिस्तान से पहली पारी में अभी भी 59 रन पीछे है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article