क्रिकेट

बेंगलुरु में नहीं चेन्नई में हो सकता है दलीप ट्रॉफी का फाइनल, रिपोर्ट में यह कारण आया सामने

उम्मीद है कि दलीप ट्रॉफी का फाइनल बेंगलुरु के बाहरी इलाके में मौजूद BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से हटकर या तो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम या चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें दर्शकों को आने की इजाजत मिल सकती है।

Image

दलीप ट्रॉफी के फाइनल को लेकर विचार विमर्श। फाइल फोटो

दलीप ट्रॉफी का फाइनल बेंगलुरु से चेन्नई शिफ्ट किया जा सकता है। ताकि दर्शक मैच देख सकें। टूर्नामेंट 23 अगस्त से शुरू हो रहा है और शुरुआती मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI फाइनल मैच में दर्शकों को आने देने के विकल्पों पर विचार कर रहा है। कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन इसके लिए सहमत है, लेकिन दर्शकों की संख्या पर कुछ पाबंदियां हैं। फाइनल के बारे में तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन से भी बातचीत की गई है।

छह टीमों वाला यह इंटर-जोनल टूर्नामेंट 23 अगस्त से शुरू होगा और इसके क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल CoE में खेले जाएंगे। 6-10 सितंबर के बीच होने वाला फाइनल पहले CoE में तय किया गया था, जहां मैच बिना दर्शकों के खेले जाते हैं। हालांकि, खबर है कि BCCI दर्शकों को शामिल करने के लिए दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा सकता है।

BCCI ने भी दिए हैं संकेत

जब BCCI सचिव देवजीत सैकिया से CoE के हालिया दौरे के दौरान बिना दर्शकों के मैच होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'हम निश्चित रूप से दर्शकों के साथ मैच कराने की संभावना पर विचार करेंगे, हमारे पास अभी समय है।' शायद यही वजह है कि मंगलवार को क्रिकेट बोर्ड ने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) से भी संपर्क किया, क्योंकि वह दर्शकों के साथ फाइनल कराने की संभावना तलाश रहा है।

सख्त नियम से छिन सकती है मेजबानी

माना जा रहा है कि इस हफ्ते की शुरुआत में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से संपर्क किया गया था और वे फाइनल की मेजबानी के लिए सहमत भी हो गए थे, लेकिन एक अड़चन यह हो सकती है कि पिछले साल स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के बाद, एक अदालती आदेश के तहत अगर दर्शकों की संख्या 5000 से ज्यादा होती है, तो राज्य संघ को कड़े नियमों का पालन करना होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article