क्रिकेट

नोएडा एक्सप्रेस ने डेब्यू मैच में मचाया धमाल, विकेटों का चौका जड़ किया श्रीलंका को बेहाल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 4, 2023, 07:30 AM IST

Shivam Mavi, 4/22 against Sri Lanka on debut: भारत के युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी ने श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में धमाकेदार अंदाज में अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की शुरुआत की है।

Image

शिवम मावी(साभार AP)

मुंबई: श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार को मुंबई में अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज शिवम मावी ने विरोधी टीम का हाल बेहाल कर दिया। मावी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में 22 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की 2 रन के करीबी अंतर जीत में अहम भूमिका अदा की। वो दुर्भाग्यशाली रहे और मैन ऑफ द मैच नहीं चुने गए लेकिन यादगार डेब्यू करने में सफल रहे।

पहले ही ओवर में किया पहला शिकारश्रीलंका के खिलाफ 163 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरी टीम इंडिया को शिवम मावी ने शानदार शुरुआत दिलाई। मावी ने अपने स्पेल की पांचवीं गेंद पर पथुम निशंका को बोल्ड कर दिया। निशंका मावी की तेज रफ्तार गेंद और स्विंग दोनों से गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। उन्होंने 3 गेंद का सामना किया और 1 रन बना सके।

मावी ने दूसरी सफलता अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद में हासिल की। मावी ने इस बार धनंजय डिसिल्वा को अपना शिकार बनाया। डिसिल्वा 8(6) रन बनाकर मावी की गेंद पर संजू सैमसन के हाथों लपके गए। इसके साथ ही मावी ने अपने पहले स्पेल का अंत 2 ओवर में 17 रन पर दो विकेट के साथ किया।

ड्रीम डेब्यू: 22 रन देकर झटके चार विकेट

अपने दूसरे स्पेल में भी मावी ने धारदार गेंदबाजी जारी रखते हुए वनिंदु हसरंगा को पांड्या के हाथों कैच कराकर और महीष तीक्ष्णा को युजवेंद्र चहल के हाथों लपकवाकर अपने विकेटों की संख्या को चार तक पहुंचा दिया। 22 रन देकर मावी ने 4 विकेट झटके और ड्रीम डेब्यू करने में सफल रहे।

भारत के लिए टी20 खेलने वाले 101वें खिलाड़ी

इससे पहले मावी ने शुभमन गिल के साथ भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया। गिल भारत के लिए टी20 क्रिकेट में प्रतिनिधित्व करने वाले 100वे और शिवम मावी 101वें खिलाड़ी बने। शुभमन अपने डेब्यू मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन मावी अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। मावी को कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच से पहले डेब्यू कैप दी। उन्होंने राष्ट्रीय और अपनी नई आईपीएल टीम गुजरात टाइटन्स के कप्तान का भरोसा जीतने का मौका खाली नहीं जाने दिया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article