क्रिकेट

DPL 2025: बारिश की भेंट चढ़ा सेंट्रल दिल्ली किंग्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच मुकाबला

दिल्ली प्रीमियर लीग का सेंट्रल दिल्ली किंग्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच शनिवार को खेला जाने वाला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। जानिए इस मैच का पड़ा अंक तालिका पर कैसा असर?

Image

दिल्ली प्रीमियर लीग (फोटो क्रेडिट @DelhiPLT20 X)

नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली किंग्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच दिल्ली प्रीमियर लीग-2025 (डीपीएल) का 14वां मैच बारिश के चलते रद्द हो गया। इसी के साथ दोनों टीमों में एक-एक अंक बांटा गया है। सेंट्रल दिल्ली किंग्स इस सीजन चार में से तीन मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। इस टीम ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ आठ विकेट से जीत के साथ सीजन की शानदार शुरुआत की थी।

इसके बाद टीम ने न्यू दिल्ली टाइगर्स के विरुद्ध अपना दूसरा मैच नौ विकेट से जीता। किंग्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ तीसरा मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम करते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी। हालांकि, चौथा मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। टीम प्वाइंट्स टेबल में सात अंकों के साथ शीर्ष पायदान पर है। फिलहाल, किंग्स का नेट रन रेट +4.221 है। दूसरी ओर, आउटर दिल्ली वॉरियर्स पांच में से सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है। इस टीम ने अपना पहला मुकाबला न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ खेला, जिसमें 40 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद वॉरियर्स ने 'पुरानी दिल्ली 6' को 82 रन से रौंदकर शानदार वापसी की।

वॉरियर्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ सीजन का अपना तीसरा मैच 19 रन से गंवा दिया, जिसके बाद उसे ईस्ट दिल्ली राइडर्स के विरुद्ध पांच विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। टीम का पांचवां मैच बारिश के चलते रद्द करना पड़ा। आउटर दिल्ली वॉरियर्स के पास सिर्फ तीन प्वाइंट्स हैं। यह टीम +0.165 नेट रन रेट के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। दिल्ली सेंट्रल किंग्स अपना अगला मैच 12 अगस्त को आउटर दिल्ली वॉरियर्स के ही खिलाफ खेलेगी, जिसमें वॉरियर्स के लिए जीत बेहद जरूरी होगी।

शनिवार का दूसरा मुकाबला ईस्ट दिल्ली राइडर्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच खेला जाना है, लेकिन दिल्ली में लगातार बारिश के चलते इस मुकाबले के भी रद्द होने की आशंका नजर आ रही है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article