क्रिकेट

IND vs SA: 'कोई भी बाहर बैठे, हम रास्ता ढूंढ लेंगे..' कगिसो रबाडा ने खोला द.अफ्रीका की जीत का राज

Kagiso Rabada on Kolkata Win: साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने भारत के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में 30 रनों की रोमांचक विजय को टेस्ट मैचों में टीम की टॉप-3 जीत में शुमार किया है। इसी के साथ उन्हें उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका का जो भी खिलाड़ी मैदान पर उतरेगा, वह टीम को जीत दिला सकता है।

Image

कगिसो रबाडा (फोटो- AP)

Kagiso Rabada on Kolkata Win: दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने भारत के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 30 रनों की रोमांचक जीत को टेस्ट मैचों में अपनी टीम की शीर्ष-3 जीतों में शामिल किया है। दक्षिण अफ्रीका ने महज तीन दिनों में इस मुकाबले को अपने नाम किया, जो साल 2010 के बाद से भारत में उनकी पहली टेस्ट जीत है। इस जीत के साथ, मेहमान टीम ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है।

भावनात्मक उतार-चढ़ाव से भरी जीत

पसलियों में चोट के कारण रबाडा भारत के खिलाफ सीरीज का यह पहला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने कहा कि मैदान के बाहर से मैच देखना एक भावनात्मक उतार-चढ़ाव भरा अनुभव था।प्रोटियाज मेन्स की ओर से 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में रबाडा ने कहा, "इस सीजन हमने जिस तरह की जीत हासिल की है, उसे देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि यह अब तक की नंबर-1 जीत है, क्योंकि इससे पहले भी हमने कुछ शानदार जीत दर्ज की हैं, लेकिन यह जीत निश्चित रूप से टॉप-3 में शामिल है।"

उन्होंने मैच के बारे में आगे कहा, "यह एक सामान्य टेस्ट क्रिकेट था। इस मैच में उतार-चढ़ाव नजर आया। हमने खुद को बैकफुट पर पाया और फिर किसी तरह फ्रंटफुट पर आकर मैच खत्म करने में कामयाब रहे। यह मुकाबला टीम के लिए काफी नर्वस करने वाला था। मुझे नहीं पता कि क्या कहूं। यह एक भावनात्मक रोलर कोस्टर जैसा था। मुझे खुशी है कि हमने सही नतीजे पर मैच खत्म किया।"

टीम की गहराई और खिलाड़ियों पर भरोसा

रबाडा का मानना है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम को अपने सभी खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है। उनका मानना है कि टीम का कोई भी सदस्य किसी भी परिस्थिति में टीम को जीत दिलाने में योगदान दे सकता है, जो इस टीम की सबसे बड़ी खासियत है।रबाडा ने कहा, "पहली पारी में एडेन (मार्करम) और रिकेल्टन के साथ हमारी शुरुआत अच्छी रही। उन्होंने मुकाबले में लय बनाई। मार्को (जेनसन) ने डटकर खेला, बोशी (कॉर्बिन बॉश) ने अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया। सभी ने योगदान दिया और सच में, यही इस टीम की खासियत है।"

उन्होंने टीम की बेंच स्ट्रेंथ पर विश्वास जताते हुए कहा, "चाहे कोई भी बाहर बैठे, हम मैच जीतने का कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेंगे। टेंबा (बावुमा) हमारे लिए अहम खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन उन्होंने हर मैच नहीं खेला। मैं यह मैच नहीं खेला। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैदान पर जो भी उतरेगा, हमें विश्वास है कि वह जीत दिला सकता है।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article