Delhi Capitals New Captain: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को मिला नया कप्तान
- Edited by: समीर कुमार ठाकुर
- Updated Dec 23, 2025, 07:03 PM IST
Delhi Capitals New Captain: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इससे पहले हर टीम ने अपनी कमर कस ली है। इस क्रम में दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। मेग लैनिंग को रिलीज किए जाने के बाद यह तय था कि दिल्ली की कमान किसी नए खिलाड़ी को दी जाएगी।
दिल्ली कैपिटल्स (साभार-WPL)
Delhi Capitals New Captain: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) में दिल्ली कैपिटल्स की टीम नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी। टीम मैनेजमेंट ने इसको लेकर फैसला ले लिया है। जिसकी घोषणा मंगलवार शाम 6 बजे कर दी गई। WPL 2026 में जेमिमा रॉड्रिग्स दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान होंगी और इसकी घोषणा कर दी गई है। ऑक्शन से पहले इस टीम ने अपने कप्तान मेग लैनिंग को रिलीज कर दिया था। लैनिंग इस सीजन यूपी वॉरियर्स से खेलती नजर आएंगी।
शानदार रहा था लेनिंग का प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान लैनिंग की बात करें तो उन्होंने इस टीम को पिछले तीनों सीजन 2023, 2024 और 2025 में फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि हर बार यह टीम फाइनल में जाकर हार गई और उसे रनर-अप के तौर पर संतोष करना पड़ा। इस टीम को फाइनल में दो बार मुंबई इंडियंस के हाथों जबकि एक बार आरसीबी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
जेमिमा रॉड्रिग्स ही क्यों?
दिल्ली कैपिटल्स टीम की बात करें तो कप्तान बनने की दावेदार दो खिलाड़ी हैं। एक तो साउथ अफ्रीका की कप्तान लोरा वुल्फार्ट हैं और दूसरी जेमिमा रॉड्रिग्स हैं। टीम विदेशी कप्तान को आजमा चुकी है। यही कारण है कि टीम अब भारतीय खिलाड़ी को नेतृत्व दे रही है। इसको लेकर 2026 ऑक्शन के दौरान टीम को को ऑनर ने बात भी की थी कि वह भारतीय कप्तान को लेकर प्रतिबद्ध हैं। जेमिमा इस टीम की तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स द्वारा साइन की गई पहली खिलाड़ी भी जेमिमा ही हैं। उन्हें दिल्ली ने 2.2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।
जेमिमा का WPL करियर
जेमिमा की WPL करियर की बात करें तो 27 मैच में उन्होंने 28.16 की औसत और 139.67 की स्ट्राइक रेट से 507 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं और उनका व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 69 रन रहा है। इसके अलावा उनका मौजूदा फॉर्म भी शानदार है। श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में उन्होंने नाबाद 69 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा हालिया वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 127 रन की नाबाद पारी खेली थी।