David Wiese, IPL 2023 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) की नीलामी में शुक्रवार को कोच्चि में तमाम फ्रेंचाइजी टीमों ने जमकर खरीददारी की। सभी टीमों के पास सीमित बजट था लेकिन उसके बावजूद सभी टीमों ने स्मार्ट खरीददारी की और इसी का नतीजा रहा कि कुछ अंजान चेहरे भी बिके और कुछ एसोसिएट देशों के खिलाड़ी भी बिके। यहां हम बात करने जा रहे हैं नामीबिया के क्रिकेटर की। पहली बार नामीबिया का कोई क्रिकेटर आईपीएल खेलेगा। नाम है डेविड वीजे।
आईपीएल 2023 ऑक्शन में डेविड वीजे को आखिरकार खरीददार मिल गया और इसी के साथ वो आईपीएल में खेलने वाले नामीबिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। डेविड वीजे को नीलामी में शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके लिए उन्हें थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन अंतिम बोली केकेआर की रही।
कौन हैं डेविड वीजे? दो देशों के लिए खेले, आईपीएल का भी हिस्सा रहे
डेविड वीजे की कहानी थोड़ी दिलचस्प है। वो दक्षिण अफ्रीका के लिए 2013 से 2016 के बीच खेले। उस दौरान वो आईपीएल में एक सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए भी खेले। लेकिन 2021 में वो नामीबिया शिफ्ट हो गए जहां उनके पिता का जन्म हुआ था और अब वो वहां के नागरिक हैं और टी20 विश्व कप में भी वो नामीबिया से खेलते दिखे।
डेविड एक ऑलराउंडर हैं जो दुनिया भर में तमाम टी20 लीग में कई टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। वो 37 साल के हो चुके हैं लेकिन अब भी उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में धार की कमी नहीं है।
