क्रिकेट

IPL 2024: डेविड वॉर्नर का चेन्नई के खिलाफ चला बल्ला, सीजन का पहला अर्धशतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 31, 2024, 08:49 PM IST

David Warner's 62nd IPL Fifty: डेविड वॉर्नर ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रविवार को शानदार अर्धशतकीय पारी के दौरान रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने विराट कोहली का एक रिकॉर्ड तोड़ा और क्रिस गेल के एक रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।

Image

डेविड वॉर्नर (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वॉर्नर ने खेली 52 रन की पारी
  • बने आईपीएल में 6500 रन बनाने वाले पहले विदेशी
  • टी20 में बने सबसे ज्यादा 50+ रन की पारियां खेलने वाले प्लेयर

Fastest 6500 runs in IPL History: आईपीएल 2024 में डेविड वॉर्नर का बल्ला अपने रंग में मैच दर मैच आता जा रहा है। रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ विशाखापट्टन में वॉर्नर ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पिछले मैच में वॉर्नर 49 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे लेकिन इस बार उन्होंने 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया। वॉर्नर 35 गेंद में 52 रन बनाकर मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर लेग स्लिप में मथीशा पथिराना के हाथों शानदार ढंग से लपके गए। लेकिन आउट होने से पहले वॉर्नर ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

IPL में 6500 रन बनाने वाले पहले विदेशी

वॉर्नर ने इस पारी के दौरान आईपीएल में 6500 रन के आंकड़े को पार कर लिया। उन्होंने ये उपलब्धि 179वें मैच की 179वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए हासिल की। वॉर्नर आईपीएल में सबसे तेज गति से 6500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनसे पहले विराट कोहली और शिखर धवन ही 6500 रन के आंकड़े को पार करने में सफल हुए थे। लेकिन वॉर्नर ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले विदेशी और तीसरे खिलाड़ी हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर

वॉर्नर का अर्धशतक आईपीएल में 62वां अर्धशतक था। वॉर्नर ने इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ पारियां खेलने के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वॉर्नर और गेल दोनों के नाम टी20 क्रिकेट में पचास रन से ज्यादा की 110 पारियां दर्ज हो गई हैं। वॉर्नर ने 373 टी20 मैच की 372 पारियों में 12195 रन बनाए हैं। जिसमें 102 अर्धशतक और 8 शतक शामिल हैं। टी20 में वॉर्नर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 135* रन रहा है। वहीं गेल ने 463 मैच की 455 पारियों में 14562 रन बनाए। जिसमें 22 शतक और 88 अर्धशतक शामिल हैं।

चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक

डेविड वॉर्नर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ साझा रूप से आईपीएल में पचास रन से ज्यादा की सबसे ज्यादा पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वॉर्नर के सीएसके के खिलाफ पचास रन से ज्यादा की 9 पारियां खेली हैं। चेन्नई के खिलाफ इतनी ही पारियां शिखर धवन और विराट कोहली के भी नाम दर्ज है। ये तीनों बल्लेबाज चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ रन की पारियां खेलने के मामले में साझा रूप से पहले पायदान पर काबिज हो गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article