क्रिकेट

IPL 2023: धर्मशाला में पंजाब को पटखनी देने के बाद डेविड वॉर्नर ने की दिल्ली की पिच की आलोचना

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 18, 2023, 07:30 AM IST

पंजाब किंग्स को धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बल पर मात देने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने घरेलू मैदान पर मिली पिचों की आलोचना की है। जानिए इस बारे में वॉर्नर ने क्या कहा?

Image

डेविड वॉर्नर(साभार IPL/BCCI)

David Warner ka bayan: आईपीएल 2023 के प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने बुधवार को पंजाब किंग्स को 15 रन के अंतर से मात देकर उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल कर दी। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिए मैच में वापसी कर रहे पृथ्वी शॉ(54), कप्तान डेविड वॉर्नर(46),रीले रूसो(82) और फिल साल्ट(26) ने आतिशी बल्लेबाजी की और बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को 214 रन का लक्ष्य हासिल नहीं करने दिया।

दिल्ली में नहीं मिली अच्छी पिच, इसका हुआ नुकसान

दिल्ली की 15 रन के अंतर से जीत पर वॉर्नर ने कहा, हमने फील्डिंग में बेहद खराब प्रदर्शन किया लेकिन हम जीत दर्ज करने में सफल रहे। हमने टॉस गंवाया लेकिन उसके बाद अच्छी बल्लेबाजी की।हमने अपनी ताकत का फायदा उठाया और गेंद की गति का इस्तेमाल किया। अच्छी पिच पर खेलने का फायदा हमें मिला। घर पर अनियमित पिच पर खेलने के बाद इस पिच पर हमें बल्लेबाजी में मदद मिली। दिल्ली में कई तरह के धीमे विकेट हमें खेलने के लिए मिले। आप अपने घरेलू मैदान पर कंसिस्टेंसी चाहते हैं। हम इस बात का आकलन ही नहीं कर पाए कि वहां जीत के लिए पर्याप्त स्कोर क्या होगा। पृथ्वी की टीम में वापसी हुई और उसके असर का पता चला। जो उन्होंने किया वो शानदार था।

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ होगी आखिरी भिड़ंत

दिल्ली कैपिटल्स के खाते में 13 मैच में 5 जीत और 8 हार के साथ 10 अंक हो गए हैं। वो पंजाब के खिलाफ जीत के बाद अंक तालिका में दसवे से नौवें पायदान पर आ गई है। ऐसे में वो एक और जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी। पंजाब के समीकरण तो दिल्ली खराब कर चुकी है। अब उसका मुकाबला 20 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। जहां उसकी दाल गलनी थोड़ी मुश्किल नजर आ रही है लेकिन दिन के मुकाबले में दिल्ली चेन्नई के खिलाफ अपनी शानदार गेंदबाजी के बल पर जोर आजमाइश जरूर करती दिखेगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article